बस्तर के प्रत्येक ग्रामीण डाकघरों में स्पीड पोस्ट सेवा से भेज सकेंगे आवेदन

WhatsApp Channel Join Now
बस्तर के प्रत्येक ग्रामीण डाकघरों में स्पीड पोस्ट सेवा से भेज सकेंगे आवेदन


जगदलपुर, 12 नवंबर (हि.स.)। बस्तर के ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले युवाओं के लिए अच्छी खबर है। बस्तर फाइटर्स और ग्राम पंचायत सचिव भर्ती सहित विभिन्न शासकीय एवं निजी संस्थानों में आवेदन करने वाले अभ्यर्थी अब अपने नजदीकी ग्रामीण शाखा डाकघर से भी स्पीड पोस्ट के माध्यम से आवेदन और जरूरी दस्तावेज भेज सकेंगे। भारतीय डाक विभाग ने बस्तर डाक संभाग के प्रत्येक शाखा में स्पीड पोस्ट बुकिंग की सुविधा उपलब्ध कराने की पहल की है।

इस सुविधा से अब ग्रामीण क्षेत्रों के अभ्यर्थियों को स्पीड पोस्ट कराने के लिए दूर स्थित उप डाकघर या मुख्य डाकघर तक जाने की परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी। वे अपने गांव या आस-पास स्थित शाखा डाकघर में पहुंचकर आसानी से आवेदन पत्र, आवश्यक दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण पत्राचार स्पीड पोस्ट के जरिए भेज सकेंगे। डाक विभाग की यह पहल विशेष रूप से उन युवाओं के लिए राहत भरी है, जो बस्तर के अंदरूनी और दूरस्थ ग्रामीण इलाकों में रहते हैं। भर्ती प्रक्रियाओं के दौरान आवेदन भेजने के लिए उन्हें अब लंबी दूरी तय करने और अतिरिक्त समय खर्च करने की आवश्यकता नहीं होगी।

बस्तर डाक संभाग के अधीक्षक डाकघर डॉ. सौरभ श्रीवास्तव ने अभ्यर्थियों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे आवेदन की अंतिम तिथि का इंतजार न करें और अपने महत्वपूर्ण आवेदन एवं दस्तावेज समय रहते नजदीकी शाखा डाकघर से स्पीड पोस्ट के माध्यम से प्रेषित करें। डाक विभाग की इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में डाक सेवाओं की पहुंच मजबूत होने के साथ ही भर्ती प्रक्रियाओं में शामिल होने वाले युवाओं को भी बड़ी सुविधा मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775918 Articles

Share this story