बच्ची की मौत से आक्रोशित होकर पेट्रोल पंप में आगजनी, आरोपित गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
बच्ची की मौत से आक्रोशित होकर पेट्रोल पंप में आगजनी, आरोपित गिरफ्तार


पेट्रोल नोजल में आग लगाने में असफल रहा तो दो मोटरसाइकिलों को किया आग के हवाले

धमतरी, 08 अक्टूबर (हि.स.)। धमतरी जिले के मगरलोड थाना अंतर्गत ग्राम मेघा स्थित मातारानी पेट्रोल पंप में आगजनी की घटना को अंजाम देने वाले आरोपित को मगरलोड पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित की पहचान वार्ड क्रमांक 1 मेघा निवासी जीवन निषाद (47) के रूप में हुई है।

मगरलोड थाना पुलिस ने गुरुवार काे बताया कि आरोपित ने पेट्रोल पंप के नोजल में आग लगाने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं होने पर परिसर में खड़ी दो मोटरसाइकिलों को माचिस से आग लगा दी और मौके से फरार हो गया। घटना 1 अक्टूबर की दरमियानी रात करीब 1:30 बजे की है। रिपोर्ट पर थाना मगरलोड में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने आरोपित की पतासाजी कर उसे बुधधार काे गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि 26 सितंबर को ग्राम मेघा में पेट्रोल पंप के सामने खुले नाले में एक बच्ची गिर गई थी और महानदी में आई बाढ़ के पानी में बहने से उसकी मौत हो गई थी। आरोपित पेट्रोल पंप प्रबंधन को इस घटना के लिए जिम्मेदार मानता था और इसी बात को लेकर उसके मन में आक्रोश था। पुलिस के अनुसार इसी गुस्से में उसने पेट्रोल पंप परिसर में आगजनी की वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने आरोपित के कब्जे से घटना में प्रयुक्त माचिस और वारदात के समय पहने गए कपड़े जब्त किए हैं। आरोपित के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी घटना या दुर्घटना से आक्रोशित होकर कानून हाथ में न लें। किसी के विरुद्ध शिकायत होने पर पुलिस अथवा संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को सूचना दें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story