कांग्रेस नेता के बयान से आक्रोश, भाजपा युवा मोर्चा ने किया पुतला दहन

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस नेता के बयान से आक्रोश, भाजपा युवा मोर्चा ने किया पुतला दहन


धमतरी, 1 सितंबर (हि.स.)। बिहार के दरभंगा में आयोजित सभा के दौरान कांग्रेस नेता नेक मोहम्मद रिज़वी द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लिए मां की गाली देने वाली अभद्र टिप्पणी को लेकर देशभर में आक्रोश व्याप्त है। इसी के विरोध में सोमवार एक सितंबर को धमतरी के गांधी मैदान में भारतीय जनता पार्टी एवं भारतीय जनता युवा मोर्चा ने जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस नेता का पुतला दहन किया।

विरोध प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रकाश बैस ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज पूरी दुनिया में भारत का गौरव बढ़ा रहे हैं। ऐसे में उनके खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल कांग्रेस की ओछी मानसिकता और हताशा का प्रतीक है। यह केवल प्रधानमंत्री का नहीं, बल्कि हर भारतीय का अपमान है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कांग्रेस ने अपने नेता के खिलाफ कार्रवाई नहीं की, तो जनता कभी माफ नहीं करेगी।

भारतीय जनता युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष कैलाश सोनकर ने कहा कि यह बयान भारत की संस्कृति और परंपरा पर सीधा हमला है। भारत में माँ का स्थान सर्वोच्च है, और प्रधानमंत्री को माँ की गाली देना भारत माता का अपमान है। उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा इस गंदी राजनीति का विरोध जारी रखेगा और आवश्यकता पड़ी तो जन आंदोलन भी किया जाएगा। प्रदर्शन में मौजूद कार्यकर्ताओं ने कहा कि कांग्रेस की यह भाषा राजनीति के गिरते स्तर का उदाहरण है। भाजपा और युवा मोर्चा इस मानसिकता को जनता के सामने उजागर करेंगे और लोकतांत्रिक तरीके से इसका जवाब देंगे।

इस अवसर पर महामंत्री राकेश साहू, पूर्व महामंत्री अविनाश दुबे, राजीव सिन्हा, विजय मोटवानी, पवन गजपाल, विजय साहू, जय हिंदुजा, सूरज शर्मा, भागवत साहू, विनय जैन, दीपेंद्र साहू, धनीराम सोनकर, देवेश अग्रवाल, धन्नू साहू, भेषकुमार साहू, वेदप्रकाश साहू, बिशन निषाद, मिथलेश सिन्हा, आयुष दीवान, राम सोनी, अखिलेश सोनकर सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story