अष्टमी पर देवी मंदिरों में हुआ हवन-पूजन, अंगारमोती मंदिर में उमड़े श्रद्धालु

WhatsApp Channel Join Now
अष्टमी पर देवी मंदिरों में हुआ हवन-पूजन, अंगारमोती मंदिर में उमड़े श्रद्धालु


मां अंगारमोती मंदिर में हवन-पूजन के साथ निभाई गईं पारंपरिक रीति-रिवाज, विशाल भंडारे में उमड़े श्रद्धालु

देव बाजा, देव आगमन और सिरहा की मौजूदगी में संपन्न हुए धार्मिक अनुष्ठान, भक्तिमय रहा मंदिर परिसर

धमतरी, 18 अक्टूबर (हि.स.)। आदिशक्ति मां अंगारमोती मंदिर गंगरेल में नवरात्र के पावन अवसर पर रविवार को हवन-पूजन के साथ आदिवासी समाज की रूढ़िजन्य परंपराओं का विधिवत निर्वहन किया गया। पारंपरिक देव बाजा, देव आगमन और सिरहा की मौजूदगी में संपन्न धार्मिक अनुष्ठानों ने मंदिर परिसर को भक्तिमय बना दिया। पंडित द्वारा विधि-विधान से हवन-पूजन कराया गया, वहीं पारंपरिक रीति-रिवाजों के माध्यम से क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिली।

मां अंगारमोती के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। हवन-पूजन के दौरान श्रद्धालुओं ने माता के प्रति अपनी आस्था प्रकट करते हुए परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। क्षेत्र में मां अंगारमोती के प्रति लोगों की गहरी आस्था है। नवरात्र के दौरान यहां बड़ी संख्या में भक्त मनोकामना ज्योत प्रज्ज्वलित कराने और माता का आशीर्वाद लेने पहुंचते हैं। धार्मिक अनुष्ठानों में पारंपरिक देव बाजा और देव आगमन ने विशेष आकर्षण पैदा किया। सिरहा की उपस्थिति में आदिवासी समाज की परंपराओं का निर्वहन किया गया, जिससे धार्मिक आयोजन में लोकसंस्कृति और आस्था का अनूठा संगम देखने को मिला। अनुष्ठान संपन्न होने के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर प्रसादी ग्रहण की। भंडारा देर रात तक चलता रहा और श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही।

इस अवसर पर ट्रस्ट के जीवराखन मरई, माधव सिंह ठाकुर, होरा, दाऊ कृष्ण कुमार गुप्ता, ढालूराम ध्रुव, देवानंद नेताम, ओंकार नेताम, डॉ. एस. ठाकुर, शिवचरण नेताम, हेमलाल ठाकुर, कोमल सिंह ठाकुर, नरोत्तम सिंह ठाकुर, ईश्वर नेताम, तुकाराम मरकाम, मनराखन ठाकुर, उदय नेताम, गणेश्वर ध्रुव, ललित ठाकुर, नारायण सिंह ध्रुव, ठाकुर राम नेताम, जयपाल ठाकुर, नन्दा ध्रुव, शशि ध्रुव, भगत उईके, शत्रुघन नेताम, गणेश ध्रुव, ईश्वरी नेताम, शेष नेताम, प्रेमलाल सिन्हा, शिव कुंजाम, अर्जुन कोर्राम, मानसिंह मरकाम, हरि नेताम, घनश्याम नेताम, भान सिंह नेताम, रामेश्वर मरकाम, वेदप्रकाश ध्रुव, तीजेंद्र कुंजाम, कृष्णा मरकाम, हेमंत ध्रुव, बंटी मरकाम, नरेंद्र नेताम, रोशन मरकाम और सोहन ध्रुव सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

अन्य देवी मंदिरों में भी हुआ हवन-पूजन

शहर की आराध्य देवी मां विंध्यवासिनी मंदिर सहित अन्य देवी मंदिरों में हवन पूजन हुआ। श्रध्दालु देर रात तक दर्शन पूजन के लिए मंदिर पहुंचते रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763187 Articles

Share this story