अंगारमोती मड़ई में 1600 महिलाओं ने निभाई परण की परंपरा, हल्दी खेलकर मनाई खुशियां

WhatsApp Channel Join Now
अंगारमोती मड़ई में 1600 महिलाओं ने निभाई परण की परंपरा, हल्दी खेलकर मनाई खुशियां


दूसरे दिन हरदानी की रस्म में देवी-देवताओं ने दिया मनोकामना पूर्ण होने का आशीर्वाद, छत्तीसगढ़ के कई जिलों से उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

धमतरी, 14 नवंबर (हि.स.)। गंगरेल बांध के किनारे स्थित मां अंगारमोती मंदिर में आयोजित दो दिवसीय प्रसिद्ध मड़ई में आस्था और परंपरा का अनूठा संगम देखने को मिला। दीपावली के बाद पहले शुक्रवार को आयोजित मड़ई में संतान प्राप्ति की मनोकामना लेकर पहुंचीं 1600 निसंतान महिलाओं ने परण की परंपरा निभाई। शनिवार को मड़ई के दूसरे दिन महिलाओं ने हल्दी खेलकर खुशियां मनाईं। इस दौरान देवी-देवताओं, सिरहा और बैगाओं ने महिलाओं को आशीर्वाद देते हुए उनकी मनोकामनाएं पूर्ण होने का वचन दिया।

जिला मुख्यालय से लगभग 13 किलोमीटर दूर गंगरेल स्थित मां अंगारमोती मंदिर की मड़ई पूरे छत्तीसगढ़ में प्रसिद्ध है। हर साल यहां धमतरी सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मन्नत मांगने पहुंचते हैं। शुक्रवार को आयोजित मड़ई में करीब 25 हजार से अधिक लोगों की भीड़ जुटी। मड़ई में डांग, डोरी, आंगादेव, सिरहा और बैगा परंपरागत रूप से शामिल हुए। संतान प्राप्ति की कामना लेकर आई महिलाओं ने जमीन पर पेट के बल लेटकर अपने हाथों में नींबू, फूल और नारियल रखे। इसके बाद बाजे-गाजे के साथ देवी-देवता, सिरहा और बैगा उनके ऊपर से होकर गुजरे। शनिवार सुबह 10 से 12 बजे तक नदी किनारे हरदानी की परंपरा निभाई गई।

इस दौरान महिलाओं के दुखों का कटाव किया गया तथा देवी-देवताओं ने उन्हें आशीर्वाद देकर मनोकामना पूर्ण होने का वचन दिया। महिलाओं के हाथों में नींबू, बंदन और सफेद मौली धागा बांधकर धार्मिक रस्में पूरी की गईं। इस अनूठी परंपरा में धमतरी के अलावा कोंडागांव, बालोद, राजनांदगांव, दुर्ग, रायपुर, गरियाबंद और कांकेर जिले से भी महिलाएं अपने परिवार के साथ पहुंचीं। मां अंगारमोती ट्रस्ट के अध्यक्ष जीवराखन मरई ने आयोजन में शामिल श्रद्धालुओं और प्रशासन के प्रति आभार जताया। उन्होंने बताया कि इस वर्ष परण की परंपरा में 1600 महिलाएं शामिल हुईं, जबकि पिछले वर्ष इनकी संख्या करीब 800 थी। उन्होंने कहा कि 25 हजार से अधिक लोगों की मौजूदगी के बावजूद पुलिस और प्रशासन के सहयोग से पूरा आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777218 Articles

Share this story