जशपुर : आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से वसूली करने वालों की खैर नहीं, कलेक्टर ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
जशपुर : आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से वसूली करने वालों की खैर नहीं, कलेक्टर ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश


जशपुर, 16 अप्रैल (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के हितों की रक्षा के लिए प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। जिले की कुछ परियोजनाओं में कमीशनखोरी और अनैतिक वसूली की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिला कार्यक्रम अधिकारी ने गुरुवार काे स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार करने वालों पर कठोर दंडात्मक कदम उठाए जाएंगे।

कलेक्टर रोहित व्यास की अध्यक्षता में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका संघ के पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई, जिसमें संघ द्वारा उठाए गए विभिन्न मुद्दों और समस्याओं पर विस्तार से चर्चा कर उनका तत्काल निराकरण किया गया।

इस दौरान कलेक्टर ने सभी परियोजना अधिकारियों, पर्यवेक्षकों और लिपिकीय कर्मचारियों को कड़े निर्देश जारी किए हैं कि किसी भी स्तर पर कार्यकर्ताओं से वसूली बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि कोई भी कर्मचारी इन निर्देशों की अवहेलना करते हुए अनैतिक मांग या दबाव बनाता पाया गया, तो उसके विरुद्ध कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। विभाग द्वारा कार्यकर्ताओं की समस्याओं के नियमित समाधान के लिए समय-समय पर ऐसी बैठकें आयोजित की जाती रहेंगी ताकि पारदर्शी कार्यप्रणाली बनी रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

Share this story