काली साड़ी और काला चश्मा पहनकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाओं ने निकाली विरोध रैली

WhatsApp Channel Join Now
काली साड़ी और काला चश्मा पहनकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाओं ने निकाली विरोध रैली


काली साड़ी और काला चश्मा पहनकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाओं ने निकाली विरोध रैली


धमतरी, 19 नवंबर (हि.स.)। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर तीन दिवसीय हड़ताल पर बैठीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं ने आंदोलन के अंतिम दिन अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। सभी महिलाएं काली साड़ी और काला चश्मा पहनकर रैली में शामिल हुईं। पहले गांधी मैदान में एकत्रित होकर उन्होंने जमकर नारेबाजी की। इसके बाद गांधी मैदान से मुख्य मार्ग होते हुए घड़ी चौक और रत्नाबांधा चौक तक रैली निकाली तथा वापस गांधी मैदान पहुंचीं। यहां एसडीएम कार्यालय में अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा गया।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं ने गुरुवार को तीन दिवसीय ध्यानाकर्षण धरना प्रदर्शन के अंतिम दिन काला दिवस मनाया। गांधी मैदान में धरना स्थल पर पहले पूजा-अर्चना की गई।इस दौरान एक कार्यकर्ता मां काली के स्वरूप में पहुंची थी। कंकालिन देवी के गीत के बीच एक महिला कार्यकर्ता को सवारी आने से माहौल बदल गया। मंच से पदाधिकारियों ने हाथ जोड़कर मां से माफी मांगी। इसके बाद धूप दिखाकर महिला कार्यकर्ता को शांत कराया गया।

पदाधिकारियों ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी देवी-देवता या धर्म का अपमान करना नहीं था। पूजा-अर्चना के बाद कार्यकर्ता और सहायिकाएं काले कपड़े व चश्मे पहनकर गांधी मैदान से रैली में निकलीं। रैली सदर बाजार, मकई चौक, रत्नाबांधा और शिव चौक होते हुए अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कार्यालय पहुंची। यहां मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के नाम नियमितीकरण, पदोन्नति सहित तीन सूत्री मांगों को लेकर ज्ञापन तहसीलदार कुसुम प्रधान को सौंपा। रैली के दौरान महिलाएं अलग-अलग नारों के माध्यम से अपनी मांगों और नाराजगी को जाहिर कर रही थीं। इनमें '10 हजार में दम नहीं, 30 हजार से कम नहीं' का नारा प्रमुख रहा। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं की प्रमुख मांगों में नियमितीकरण, 30 हजार रुपये मासिक मानदेय तथा सेवानिवृत्ति पर एकमुश्त 10 लाख रुपये देने सहित अन्य मांगें शामिल हैं।इस दौरान छत्तीसगढ़ जुझारू कार्यकर्ता सहायिका कल्याण संघ के जिलाध्यक्ष रेवती वत्सल, उपाध्यक्ष केकती साहू, सचिव मीना विश्वकर्मा, कोषाध्यक्ष वेदिका देवांगन, ईश्वरी साहू सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780060 Articles

Share this story