मां दंतेश्वरी मंदिर परिसर की प्राचीन श्रीगणेश की प्रतिमा काे किया गया सुसज्जित

WhatsApp Channel Join Now
मां दंतेश्वरी मंदिर परिसर की प्राचीन श्रीगणेश की प्रतिमा काे किया गया सुसज्जित


दंतेवाड़ा, 14 सितंबर (हि.स.)। जिले की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान मां दंतेश्वरी मंदिर से जुड़ी हुई है। श्रीगणेश चतुर्थी के अवसर पर मां दंतेश्वरी मंदिर परिसर में विराजमान शताब्दियाें पुरानी दक्षिणमुखी विघ्नहर्ता श्रीगणेश की विशाल प्रतिमा को विशेष रूप से सजाया गया है।

आज दिन भर गणपति के दर्शन करने भक्तों की भीड़ रहेगी। गणपति उत्सव के दौरान भगवान श्रीगणेश से सुख, शांति, समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की जाती है।

मंदिर के पुजारी विजेंद्र नाथ ने बताया कि दंतेवाड़ा के मां दंतेश्वरी मंदिर नागवंशी राजाओं की धार्मिक आस्था से जुड़ा हुआ है, 11वीं शताब्दी में नागवंशी राजाओं ने क्षेत्र में अपना शासन स्थापित करने के साथ ही आराध्य देवी मां दंतेश्वरी का मंदिर स्थापित कराया। समय के साथ दंतेवाड़ा, बारसूर, पोड़ापाल, बैलाडीला की पहाड़ियों और आस-पास के क्षेत्रों में अनेक प्राचीन मूर्तियां प्राप्त हुईं। इन ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व की प्रतिमाओं को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से मंदिर परिसर का विस्तार किया गया और कई प्राचीन प्रतिमाओं को यहां स्थापित किया गया। इसी क्रम में बारसूर से भगवान श्रीगणेश की प्राचीन प्रतिमा को दंतेश्वरी मंदिर लाकर स्थापित की गई। आज यही प्रतिमा भक्तों के लिए विघ्नहर्ता गणपति के रूप में आस्था का केंद्र है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story