कटघोरा में एंबुलेंस-माेटरसाइकिल की टक्कर, युवक-युवती घायल

WhatsApp Channel Join Now
कटघोरा में एंबुलेंस-माेटरसाइकिल की टक्कर, युवक-युवती घायल


कोरबा, 23 मार्च (हि. स.)। जिले के कटघोरा स्थित व्यस्ततम तहसील चौक पर आज सोमवार दोपहर एक तेज रफ्तार एंबुलेंस और माेटरसाइकिल के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में माेटरसाइकिल सवार युवक और युवती सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों व स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एंबुलेंस तेज गति से चौक की ओर आ रही थी, तभी अचानक सामने से आ रही बाइक से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार दोनों लोग उछलकर सड़क पर जा गिरे। हादसे के बाद कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।

घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने संवेदनशीलता दिखाते हुए भीड़ को हटाया और जिस एंबुलेंस से दुर्घटना हुई, उसी एंबुलेंस से दोनों घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

मिली जानकारी के अनुसार, घायल युवक-युवती कुसमुंडा क्षेत्र की कांग्रेस पार्षद गीता गवेल के पुत्र और पुत्री बताए जा रहे हैं। दोनों को कटघोरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति पर डॉक्टरों की निगरानी बनी हुई है।

फिलहाल इस मामले में समाचार लिखे जाने तक थाना में कोई शिकायत या रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story