अम्बिकापुर: सड़क पर अनोखा प्रदर्शन, गड्ढों के गंदे पानी में नहाकर सामाजिक कार्यकर्ताओं ने खोला जनप्रतिनिधियों के खिलाफ मोर्चा

WhatsApp Channel Join Now
अम्बिकापुर: सड़क पर अनोखा प्रदर्शन, गड्ढों के गंदे पानी में नहाकर सामाजिक कार्यकर्ताओं ने खोला जनप्रतिनिधियों के खिलाफ मोर्चा


अम्बिकापुर, 16 अगस्त (हि.स.)। सरगुजा संभाग मुख्यालय में बदहाल सड़कों और प्रशासनिक अनदेखी के खिलाफ विरोध का एक अनोखा नजारा देखने को मिला। भारी बारिश के बीच अम्बिकापुर-रायगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग (भारतमाता चौक से दरिमा मोड़) की दयनीय स्थिति से आक्रोशित सामाजिक कार्यकर्ताओं ने रविवार को सड़क के बड़े-बड़े गड्ढों में जमा गंदे पानी में स्नान कर अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने 'जनप्रतिनिधि शर्म करो' और 'जनप्रतिनिधि होश में आओ' के नारे लगाते हुए स्थानीय सांसद और विधायक की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि, भारी वाहनों की निरंतर आवाजाही और घटिया निर्माण के कारण यह प्रमुख मार्ग पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो चुका है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों की जान जोखिम में बनी रहती है। स्थानीय नागरिक लंबे समय से सोशल मीडिया पर बदहाल सड़कों के वीडियो-फोटो साझा कर जनप्रतिनिधियों तक अपनी गुहार पहुंचा रहे हैं, लेकिन उन्हें हर बार केवल मानसून के बाद 'सड़क चकाचक' करने का रटा-रटाया आश्वासन ही मिलता है।

कार्यकर्ताओं ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि, पिछले वर्ष भी इसी तरह के दावे किए गए थे, मगर कुछ ही महीनों में सड़क फिर उखड़ गई। हालांकि जनप्रतिनिधियों का दावा है कि, खरसिया मार्ग, गांधी चौक से रेलवे स्टेशन और लरंग साय चौक से रनपुरकला तक के मार्गों की निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और वर्षाकाल समाप्त होते ही युद्धस्तर पर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा, लेकिन लगातार झेल रहे आम नागरिकों के बीच अब इन वादों को लेकर गहरा असंतोष नजर आ रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

Share this story