अम्बिकापुर : चार दिनों से सड़क पर गिरे बिजली के चालू खंभे, ग्रामीणों की जान जोखिम में
अम्बिकापुर, 06 जुलाई (हि.स.)। सरगुजा जिले के लखनपुर ब्लॉक के केंवरी ग्राम पंचायत में बिजली विभाग की कथित लापरवाही से ग्रामीणों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों के अनुसार, पिछले चार दिनों से दो बिजली के खंभे सड़क पर गिरे हुए हैं और उनमें अब भी बिजली का प्रवाह जारी है। ऐसे में लोग जान जोखिम में डालकर उसी रास्ते से आवागमन करने को मजबूर हैं।
बताया गया कि कुछ दिन पहले गांव में बनी नई सीसी सड़क के किनारे बारिश के कारण मिट्टी खिसक गई, जिससे दोनों बिजली के खंभे सड़क पर गिर गए। खंभे गिरने के बावजूद बिजली आपूर्ति बंद नहीं की गई और इन्हीं के माध्यम से गांव में विद्युत आपूर्ति जारी है। ग्रामीणों का कहना है कि इससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है, क्योंकि गिरे हुए खंभे आबादी के बीच और घरों के सामने पड़े हैं, जहां बच्चे भी खेलते हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि घटना के तुरंत बाद उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों को इसकी सूचना दी थी, लेकिन चार दिन बीत जाने के बाद भी न तो खंभों को हटाया गया और न ही बिजली आपूर्ति बंद की गई।
केंवरी के सरपंच मनेजर राम के अनुसार, विभागीय अधिकारियों ने बताया कि लाइनमैन और अन्य मैदानी कर्मचारी हड़ताल पर हैं, जिसके कारण मरम्मत कार्य नहीं हो पा रहा है। हालांकि ग्रामीण इस तर्क से संतुष्ट नहीं हैं। उनका कहना है कि कर्मचारियों की हड़ताल के बावजूद लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना विभाग और प्रशासन की जिम्मेदारी है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल गिरे हुए खंभों को हटाने, बिजली व्यवस्था को सुरक्षित बनाने और संभावित दुर्घटना को रोकने की मांग की है। फिलहाल गांव में भय का माहौल बना हुआ है और लोग किसी अनहोनी की आशंका के बीच जीवनयापन कर रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

