अम्बिकापुर में लिव-इन पार्टनर ने काटा गला, युवक की मौत, युवती गंभीर

WhatsApp Channel Join Now
अम्बिकापुर में लिव-इन पार्टनर ने काटा गला, युवक की मौत, युवती गंभीर


अम्बिकापुर में लिव-इन पार्टनर ने काटा गला, युवक की मौत, युवती गंभीर


अम्बिकापुर, 26 अगस्त (हि.स.)। सरगुजा जिले के गांधीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत सुभाषनगर में बुधवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे युवक-युवती ने धारदार हथियार से अपने-अपने गले पर वार कर लिया। इस घटना में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल युवती को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है।

मूलतः सरगुजा के दरिमा निवासी 34 वर्षीय मोहन पैंकरा और सूरजपुर के कंदरई गांव की निवासी 30 वर्षीय महिमा सिदार, पिछले 10 वर्षों से साथ रह रहे थे। लगभग दो महीने पहले ही दोनों सुभाषनगर में सरस्वती महाविद्यालय के पास एक किराए के मकान में शिफ्ट हुए थे।

पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 6:30 बजे रक्षाबंधन पर्व पर मायके जाने की बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। इसी बीच जब महिमा बाथरूम से बाहर आई, तो उसने मोहन को खून से लथपथ पाया, उसका गला कटा हुआ था। युवती के शोर मचाने पर जब तक मकान मालिक और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तब तक उसने भी उसी चाकू से अपने गले पर वार कर लिया।

मकान मालिक की सूचना पर गांधीनगर पुलिस और फॉरेंसिक टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजते हुए घायल युवती को अस्पताल पहुंचाया। दोनों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है और पुलिस मकान मालिक व घायल युवती के बयानों के आधार पर मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

Share this story