अंबिकापुर-रायगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर अज्ञात वाहन ने भाजपा बूथ अध्यक्ष को कुचला, मौत

WhatsApp Channel Join Now
अंबिकापुर-रायगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर अज्ञात वाहन ने भाजपा बूथ अध्यक्ष को कुचला, मौत


अंबिकापुर, 23 मई (हि.स.)। सरगुजा जिले के अंतर्गत आने वाले अंबिकापुर-रायगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर बतौली के शांतिपारा मुख्य मार्ग में शुक्रवार की रात तेज रफ्तार एक अज्ञात वाहन ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पोकसरी निवासी बूथ अध्यक्ष शिवमंगल दास (50 वर्ष) को बुरी तरह कुचल दिया। वाहन चालक पीड़ित को करीब 20 मीटर तक घसीटते हुए मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 बतौली की टीम ने तत्परता दिखाते हुए गंभीर रूप से घायल शिवमंगल दास को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बतौली पहुँचाया, जहाँ इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। इस हृदयविदारक हादसे के बाद से पूरे क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है और स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

गौरतलब है कि अंबिकापुर-रायगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर आए दिन इस तरह के जानलेवा हादसे होते रहते हैं और यह मार्ग दुर्घटनाओं का डेंजर जोन बनता जा रहा है। चाहे दुपहिया वाहन हों या भारी गाड़ियां, इस मार्ग पर रफ्तार पर लगाम कसने वाला कोई नहीं है। लगातार बेलगाम दौड़ते वाहनों के कारण यातायात नियमों और उनकी प्रभावशीलता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय जनता की मांग है कि पुलिस, जिला प्रशासन और राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) विभाग को इन हादसों को रोकने के लिए जल्द से जल्द कोई ठोस और सुधारात्मक कदम उठाना होगा, ताकि भविष्य में किसी और को अपनी जान न गंवानी पड़े।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

Share this story