अम्बिकापुर : शराब पीकर बाइक चलाना पड़ा भारी, अदालत ने लगाया 10 हजार का जुर्माना
अम्बिकापुर, 02 सितंबर (हि.स.)। सड़क हादसों पर लगाम लगाने के लिए सरगुजा पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल (भा.पु.से.) के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के तहत पुलिस ने नशे की हालत में दोपहिया वाहन चला रहे एक युवक को पकड़ा। अदालत ने इस मामले में सख्त रुख अपनाते हुए दोषी चालक पर 10 हजार रुपये का भारी अर्थदंड लगाया है।
मंगलवार (1 सितंबर ) को यातायात शाखा की टीम जब शहर में नियमित चेकिंग कर रही थी, तभी संदिग्ध अवस्था में आ रही मोटरसाइकिल (क्रमांक सीजी 29 एजे 8364) को रोककर पूछताछ की गई। चालक ने अपनी पहचान सूरजपुर जिले के चंदौरा थाना अंतर्गत गोरगी निवासी सत्यम (पिता चंद्रिका प्रसाद) के रूप में दी। जांच के दौरान युवक पूरी तरह शराब के नशे में पाया गया, जिसकी पुष्टि मौके पर किए गए ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट से भी हुई।
शराब पीकर वाहन चलाने की पुष्टि होने पर पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत प्रकरण दर्ज कर मामला तुरंत न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां अदालत ने आरोपित पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगा दिया। इस पूरी वैधानिक कार्रवाई में यातायात शाखा प्रभारी उप निरीक्षक विजय कैवर्त सहित पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

