अम्बिकापुर : पुरानी रंजिश काे लेकर युवक पर एयरगन से जानलेवा हमला, आरोपित गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
अम्बिकापुर : पुरानी रंजिश काे लेकर युवक पर एयरगन से जानलेवा हमला, आरोपित गिरफ्तार


अम्बिकापुर, 05 सितंबर (हि.स.)। सरगुजा जिले में अम्बिकापुर शहर के नमनाकला स्थित खिस्त मिलन आश्रम मैदान में शुक्रवार दोपहर पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर एयरगन से जानलेवा हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। फायरिंग में छर्रा लगने से पीड़ित गंभीर रूप से घायल हो गया। कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 52 वर्षीय आरोपित विनोद तिर्की को गिरफ्तार कर शनिवार को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल एयरगन भी बरामद कर ली है।

घटना के संबंध में खटिकपारा, नमनाकला निवासी आयुष सोनकर ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। आयुष के अनुसार, 4 सितंबर की दोपहर वह अपने साथी आजाद सोनकर और अन्य मित्रों के साथ आश्रम के ग्राउंड में बैठकर बातचीत कर रहा था। इसी दौरान खिस्त मिलन आश्रम रिंग रोड निवासी विनोद कुमार तिर्की (52 वर्ष) हाथ में एयरगन लेकर पहुंचा और पुरानी रंजिश के चलते गुस्से में आकर सीधे फायरिंग कर दी। एयरगन का एक छर्रा आयुष के गले के दाहिने हिस्से में जा धंसा।

वारदात के बाद जब घायल आयुष और उसके साथी जान बचाकर भागने लगे, तब आरोपित हाथ में गड़ासानुमा धारदार हथियार लेकर गाली-गलौज करते हुए उनके पीछे दौड़ा। सभी युवकों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 612/26, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 व 27 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।

विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ित, घायल और चश्मदीद गवाहों के बयान दर्ज किए। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने आरोपी विनोद तिर्की को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने जुर्म कबूल कर लिया। एयरगन के वैध दस्तावेज पेश न कर पाने पर पुलिस ने हथियार को जब्त कर लिया और आरोपित को न्यायालय में पेश किया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक अखिलेश सिंह, सहायक उपनिरीक्षक अदीप प्रताप सिंह, विवेक पाण्डेय सहित प्रधान आरक्षक छत्रपाल सिंह, आरक्षक नितिन सिन्हा, विवेक राय और एहसान फिरदौसी की प्रमुख भूमिका रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

Share this story