एक ही काउंटर पर सारा काम, मुख्य डाकघर में अव्यवस्था से लोग परेशान

WhatsApp Channel Join Now
एक ही काउंटर पर सारा काम, मुख्य डाकघर में अव्यवस्था से लोग परेशान


एक ही काउंटर पर सारा काम, मुख्य डाकघर में अव्यवस्था से लोग परेशान


धमतरी, 20 अप्रैल (हि.स.)। जिले के मुख्य डाकघर में पर्याप्त काउंटरों की व्यवस्था नहीं होने से आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अधिकांश सेवाएं एक ही काउंटर से संचालित होने के कारण रोजाना लंबी कतारें लग रही हैं, जिससे घंटों इंतजार करना पड़ता है।

जानकारी के अनुसार सुकन्या खाता से जुड़ी जमा-निकासी, अन्य खातों का लेनदेन और नए खाते खोलने से संबंधित जानकारी एक ही काउंटर से दी और ली जा रही है। जबकि अन्य काउंटर अधिकांश समय बंद रहते हैं। ऐसे में एक काउंटर पर अत्यधिक दबाव के कारण व्यवस्था चरमरा गई है। हालांकि स्पीड पोस्ट के लिए अलग काउंटर संचालित है, लेकिन इससे सामान्य लेनदेन करने वालों को राहत नहीं मिल पा रही।

डाकघर पहुंचने वाले लोगों ने बताया कि गर्मी के मौसम में लंबी कतारों में खड़े रहना और भी मुश्किल हो जाता है। विशेषकर छोटे बच्चों के साथ आने वाली महिलाओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। डाकघर परिसर में पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा का अभाव भी लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है।

उल्लेखनीय है कि मुख्य डाकघर में विभिन्न योजनाएं संचालित होती हैं, जिनमें सुकन्या खाता योजना के तहत बड़ी संख्या में लोग आते हैं। बढ़ती भीड़ को देखते हुए यहां व्यवस्थाओं में सुधार की जरूरत महसूस की जा रही है। शासन द्वारा विभिन्न विभाग में रिक्तियां निकलने पर तो यहां की स्थिति और बेहाल हो जाती है। बड़ी संख्या में अभ्यर्थी फार्म जमा करने यहां पहुंचते हैं।

इस संबंध में पोस्ट मास्टर सीमा बेदी का कहना है कि डाकघर में उपलब्ध संसाधनों के अनुसार सुविधाएं दी जा रही हैं। स्टाफ की कमी के कारण अतिरिक्त काउंटर संचालित नहीं किए जा सके हैं, फिर भी योजनाओं का लाभ बेहतर तरीके से देने का प्रयास किया जा रहा है।

लोगों की मांग, बढ़ें काउंटर, मिले राहत

डाकघर पहुंचे राजकुमार देवांगन, सोहन लाल साहू, देवेंद्र चौरे और मुकेश चौरे का कहना है कि खाताधारकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अतिरिक्त काउंटर की व्यवस्था की जानी चाहिए, ताकि लोगों को समय पर और सुगमता से सेवाएं मिल सकें।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story