एयरपोर्ट, सिरहासार, दंतेश्वरी मंदिर क्षेत्र ‘नो ड्रोन फ्लाइंग जोन’ घोषित, ट्रैफिक एडवाइजरी जारी

WhatsApp Channel Join Now
एयरपोर्ट, सिरहासार, दंतेश्वरी मंदिर क्षेत्र ‘नो ड्रोन फ्लाइंग जोन’ घोषित, ट्रैफिक एडवाइजरी जारी


जगदलपुर, 22 अक्टूबर (हि.स.)। भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के 23 अक्टूबर को निर्धारित बस्तर प्रवास को लेकर प्रशासनिक स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त कर दी गई है। वीवीआईपी सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए महत्वपूर्ण आदेश जारी किए गए हैं, जिसके तहत चिन्हित संवेदनशील क्षेत्रों को नो ड्रोन फ्लाइंग जोन घोषित किया गया है।

वहीं शहर में आगामी 23 अक्टूबर को होने वाले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रवास के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था और सुगम यातायात सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन ने विस्तृत ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। सुबह 07 बजे से शाम 05 बजे तक प्रभावी रहने वाली इस व्यवस्था के तहत सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है, ताकि आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। इस अवधि के दौरान शहर के भीतर भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह वर्जित रहेगा, जबकि एम्बुलेंस और अन्य आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहनों को सभी प्रकार के प्रतिबंधों से पूर्ण छूट प्रदान की गई है।

जिला प्रशासन द्वारा जारी आदेश के तहत मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट जगदलपुर से 25 किलोमीटर की परिधि में 23 अक्टूबर को सुबह 06 बजे से शाम 04 बजे तक किसी भी प्रकार के ड्रोन उड़ाने पर पूरी तरह पाबंदी लगाई गई है। इसी क्रम में सुरक्षा घेरे को और अधिक सुदृढ़ करते हुए सिरहासार भवन एवं दंतेश्वरी मंदिर परिसर से 03 किलोमीटर के दायरे में भी 23 अक्टूबर को सुबह 07 बजे से शाम 05 बजे तक ड्रोन संचालन को पूर्णतः प्रतिबंधित कर दिया गया है। उक्त दोनों आदेश तत्काल प्रभावशील कर दिए गए हैं। इस आदेश का उल्लंघन करने पर संबंधितों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जारी ट्रैफिक एडवाइजरी सुबह 07 बजे से शाम 05 बजे तक प्रभावी रहेगी। इस दाैरान यात्री बसों, दोपहिया और चारपहिया छोटे वाहनों के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग 30 (जगदलपुर-रायपुर मार्ग) की ओर जाने वाले सामान्य आवागमन में बदलाव किया गया है, जिसके तहत वाहन बोधघाट थाना के पीछे हाटकचोरा रोड से होकर गुजरेंगे क्योंकि लालबाग मार्ग पर सामान्य आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इसके साथ ही शहर के मुख्य मार्गों पर समय-सारणी के अनुसार चरणबद्ध प्रतिबंध लागू किए गए हैं। सुबह 10 बजे से दोपहर 02 बजे तक कुम्हारपारा चौक, शहीद पार्क, स्टेट बैंक चौक, दंतेश्वरी मंदिर, गोलबाजार चौक, मिताली चौक और सिरहासार भवन से स्वर्गीय बलीराम कश्यप चौक तक आवागमन बंद रहेगा।

इसके बाद सुबह 11 बजे से दोपहर 04 बजे तक सिरहासार भवन से स्वर्गीय बलीराम कश्यप चौक, सर्किट हाउस चौक, भंगाराम चौक, आईजीपी बंगला तिराहा, पुलिस ऑफिसर्स मेस तिराहा और लालबाग हाउसिंग बोर्ड तिराहा तक प्रतिबंध प्रभावी रहेगा। वहीं दोपहर 01 बजे से शाम 04 बजे के बीच पुलिस आईजी बंगला तिराहा से कोतवाली मार्ग, त्रिवेणी परिसर, पुलिस पेट्रोल पंप से झंकार टॉकीज तिराहा और शहीद पार्क से कुम्हारपारा चैक तक का मार्ग बंद रखा जाएगा। इन सभी प्रतिबंधित मार्गों के विकल्प के रूप में आम जनता चांदनी चौक से होकर बोधघाट थाना के पीछे हाटकचोरा मार्ग से नेशनल हाईवे 30 की ओर आवागमन कर सकेगी।

स्थानीय नागरिकों की सुविधा के लिए कुम्हारपारा चौक से बोधघाट थाना मार्ग, जमाल मिल तिराहा से एफसीआई गली, महावीर चैक से दुर्गा चौक, स्टेट बैंक चैक से भंगाराम चैक तथा भंगाराम चैक से पथरागुड़ा की ओर क्रॉसिंग की सुविधा निर्धारित की गई है, जिसे विशेष परिस्थितियों या सुरक्षा कारणों से आवश्यकता पड़ने पर रोका भी जा सकता है।

लालबाग ग्राउंड में आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम के लिए भी अलग-अलग व्यवस्थाएं की गई हैं। मंच पर आसीन होने वाले विशिष्ट अतिथियों और मीडिया प्रतिनिधियों के वाहन जगदलपुर शहर स्टेट बैंक चौक से कोतवाली तिराहा, पुलिस आईजी बंगला तिराहा होकर सनसिटी मार्ग से लालबाग ग्राउंड पहुंचेंगे। वहीं कार्यक्रम में शामिल होने वाली आम जनता के लिए आमागुड़ा चौक को मुख्य केंद्र बनाया गया है। कोण्डागांव-रायपुर रोड और नगरनार रोड से आने वाले वाहन नेशनल हाईवे 30 से होते हुए आमागुड़ा चौक पहुंचेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765155 Articles

Share this story