नारायणपुर में एआईएफएफ अंडर-17 महिला यूथ लीग 2026-27 का हुआ शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
नारायणपुर में एआईएफएफ अंडर-17 महिला यूथ लीग 2026-27 का हुआ शुभारंभ


नारायणपुर में एआईएफएफ अंडर-17 महिला यूथ लीग 2026-27 का हुआ शुभारंभ


नारायणपुर, 18 जुलाई (हि.स.)। नक्सल प्रभावित क्षेत्र से खेलों की नई पहचान गढ़ रहे नारायणपुर में आज शनिवार को राष्ट्रीयस्तर की अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) अंडर-17 महिला यूथ लीग 2026-27 का शुभारंभ हुआ।

रामकृष्ण मिशन परिसर में आयोजित उद्घाटन समारोह में देशभर से आई युवा महिला फुटबॉल खिलाड़ियों ने खेल भावना और अनुशासन का संदेश दिया। प्रतियोगिता का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक संदीप पटेल, रामकृष्ण मिशन नारायणपुर के सचिव स्वामी व्याप्तानंद तथा रामकृष्ण मिशन आश्रम ग्वालियर के सचिव स्वामी कृष्णामृतानंद ने संयुक्त रूप से किया।

समारोह में अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) के कार्यकारी सदस्य एवं छत्तीसगढ़ फुटबॉल एसोसिएशन के सहायक महासचिव मोहन लाल तथा एआईएफएफ की अधिकारी नेहा चौहान भी मौजूद रहीं। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उन्हें उत्कृष्ट प्रदर्शन, अनुशासन और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए शुभकामनाएं दीं।

उद्घाटन मुकाबले में पुणे की शानदार जीत

प्रतियोगिता का पहला मुकाबला केएमपी एक्सआई, पुणे और रूट्स फुटबॉल अकादमी, बेंगलुरु के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में पुणे की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाते हुए बेंगलुरु को 6-1 के बड़े अंतर से पराजित कर विजयी आगाज़ किया। रामकृष्ण मिशन में लगातार राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन से नारायणपुर की पहचान अब शिक्षा और सेवा के साथ-साथ खेल नगरी के रूप में भी मजबूत हो रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे आयोजनों से क्षेत्र की बेटियों को खेलों में आगे बढ़ने की नई प्रेरणा मिलेगी और जिले में महिला फुटबॉल का भविष्य और अधिक सशक्त होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story