नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बस्तर में एड्स जागरूकता अभियान का हुआ आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बस्तर में एड्स जागरूकता अभियान का हुआ आयोजन


जगदलपुर, 22 अगस्त (हि.स.)। शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय बस्तर की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) एवं छत्तीसगढ़ राज्य एड्स नियंत्रण समिति के संयुक्त तत्वावधान में आज शनिवार काे एचआईवी/एड्स नियंत्रण हेतु जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आम लोगों को एचआईवी/एड्स से बचाव, सावधानियों एवं भ्रांतियों को दूर करने की जानकारी दी गई।

नुक्कड़ नाटक के जरिए जागरूकता अभियान की शुरुआत मां दंतेश्वरी मंदिर प्रांगण से की गई। इसके बाद स्वयंसेवकों ने दलपत सागर, कोतवाली थाना चौक, नया बस स्टैंड तथा शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय बस्तर के अटल द्वार के समक्ष नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर लोगों को एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूक किया।

नुक्कड़ नाटक के माध्यम से स्वयंसेवकों ने लोगों को एचआईवी संक्रमण के कारणों, बचाव के उपायों तथा एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों के प्रति भेदभाव न करने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान लोगों से जागरूक रहने और समाज में एचआईवी/एड्स को लेकर सही जानकारी पहुंचाने की अपील की गई। कार्यक्रम डॉ. सजीवन कुमार (कार्यक्रम समन्वयक, एनएसएस, शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय) के दिशा-निर्देश पर आयोजित हुआ।

कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. मौसमी विश्वास (जिला संगठक, एनएसएस), डॉ. गुलाबचंद साहू (अध्यक्ष, रेड रिबन एवं यूथ रेड क्रॉस सोसाइटी), डॉ. भुनेश्वर लाल साहू (एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी, शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय), डॉ. प्रिंसी दुग्गा (एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी, शासकीय दंतेश्वरी महिला महाविद्यालय), डॉ. प्रेमजीत निराला तथा राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों – भुवनेश्वर कश्यप, यशोदा यादव, सुमन मंडावी, खिरबती नाग, कीर्ति बघेल, लक्ष्मी बघेल, मानसी कंवर, भागीरथी ध्रुव, निरंजन निषाद एवं सागर बघेल ने अपना याेगदान दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story