बलरामपुर : एग्रीस्टैक पंजीयन करा नंदू राम ने किसानों से की अपील

WhatsApp Channel Join Now
बलरामपुर : एग्रीस्टैक पंजीयन करा नंदू राम ने किसानों से की अपील


बलरामपुर, 08 अगस्त (हि.स.)। ग्राम भनौरा निवासी किसान नंदू राम सिंह ने समय रहते एग्रीस्टैक पंजीयन कराकर डिजिटल कृषि व्यवस्था से जुड़ने की दिशा में कदम बढ़ाया है। आज शनिवार को उन्होंने अन्य किसानों से भी समय पर एग्रीस्टैक पंजीयन कराने की अपील की।

नंदू राम सिंह ने बताया कि पहले उन्हें एग्रीस्टैक पंजीयन के महत्व की जानकारी नहीं थी। राजस्व और कृषि विभाग की टीम जब गांव पहुंची और पंजीयन की आवश्यकता तथा इसके संभावित लाभों की जानकारी दी, तो उन्होंने बिना देरी किए ग्राम पंचायत भनौरा स्थित कॉमन सर्विस सेंटर पहुंचकर अपना पंजीयन करा लिया।

उन्होंने बताया कि पंजीयन की प्रक्रिया सरल रही। आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन के बाद उनका पंजीयन पूरा हो गया और उन्हें किसी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।

नंदू राम ने कहा कि किसानों को समय रहते एग्रीस्टैक पंजीयन करा लेना चाहिए। पंजीयन नहीं होने की स्थिति में भविष्य में धान उपार्जन, डिजिटल क्रॉप सर्वे, खाद-बीज वितरण और शासन की विभिन्न किसान हितैषी योजनाओं से जुड़ी सेवाओं का लाभ लेने में परेशानी हो सकती है।

उन्होंने किसानों से अपील की कि अंतिम समय का इंतजार न करें और आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपने नजदीकी पंजीयन केंद्र पर पहुंचकर जल्द से जल्द एग्रीस्टैक पंजीयन कराएं। इससे डिजिटल क्रॉप सर्वे में कृषि संबंधी जानकारी दर्ज कराने और विभिन्न कृषि सेवाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया आसान हो सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story