सूरजपुर : एग्रीस्टैक पंजीयन में तेजी लाने आरआई और पटवारियों की बैठक, घर-घर जाकर किसानों का होगा पंजीयन
सूरजपुर, 15 जुलाई (हि.स.)। सूरजपुर जिले में एग्रीस्टैक पंजीयन का कार्य तेज करने के लिए आज बुधवार काे अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) और तहसीलदार ने राजस्व निरीक्षकों (आरआई) एवं पटवारियों की संयुक्त समीक्षा बैठक ली। बैठक में शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक में सभी पटवारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने हल्कों के पारा-मोहल्लों में मुनादी कराकर किसानों को एग्रीस्टैक पंजीयन के प्रति जागरूक करें। साथ ही कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) और संबंधित अधिकारियों के समन्वय से कार्य करते हुए जिन किसानों का अब तक पंजीयन नहीं हुआ है, उनके घर-घर जाकर पंजीयन सुनिश्चित करें।
समीक्षा के दौरान नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन सहित लंबित राजस्व प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी मामलों का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण और त्वरित निराकरण किया जाए।
बैठक में राजस्व विभाग से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण कार्यों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन और सौंपे गए दायित्वों का समयबद्ध निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

