सूरजपुर : किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए जिला स्तरीय हेल्प डेस्क गठित

WhatsApp Channel Join Now

सूरजपुर, 19 जून (हि.स.)। खरीफ वर्ष 2026-27 के दौरान किसानों को गुणवत्तायुक्त कृषि आदान सामग्री समय पर उपलब्ध कराने तथा उनकी समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए उप संचालक कृषि कार्यालय सूरजपुर द्वारा जिला स्तरीय हेल्प डेस्क का गठन किया गया है। हेल्प डेस्क किसानों को प्रमाणित बीज, रासायनिक एवं जैव उर्वरक, कीटनाशक, कवकनाशी तथा खरपतवारनाशी दवाइयों की उपलब्धता से संबंधित समस्याओं के समाधान में सहायता प्रदान करेगा।

कृषि विभाग के अनुसार हेल्प डेस्क का उद्देश्य किसानों को आवश्यक कृषि सामग्री उचित मूल्य पर और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराना है, ताकि खरीफ सीजन के दौरान खेती-किसानी का कार्य प्रभावित न हो। किसानों से प्राप्त शिकायतों एवं मांगों का निर्धारित समय सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।

हेल्प डेस्क के संचालन के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दायित्व सौंपे गए हैं। सहायक संचालक कृषि संदीप सिन्हा को नोडल अधिकारी, सहायक संचालक कृषि आर.एल. भारिया को सहायक नोडल अधिकारी तथा सहायक ग्रेड-03 दीर्घेश प्रताप सिंह को सहायक की जिम्मेदारी दी गई है।

किसान अपनी समस्याओं एवं आवश्यकताओं के समाधान के लिए हेल्प डेस्क के लैंडलाइन नंबर 07775-266173 तथा मोबाइल नंबर 7587485264 पर संपर्क कर सकते हैं।

कृषि विभाग का मानना है कि इस व्यवस्था से किसानों को कृषि आदान सामग्री प्राप्त करने में आने वाली कठिनाइयों का त्वरित निराकरण होगा तथा खरीफ सीजन में कृषि कार्य सुचारू रूप से संचालित हो सकेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story