कृषि विभाग की एडवाइजरी : चक्रवाती तूफान अकवान से हुई फसल नुकसान का 72 घंटे में देनी होगी सूचना

WhatsApp Channel Join Now

बलौदाबाजार, 21 नवम्बर (हि. स.)। चक्रवाती तूफान अकवान के कारण बारिश फसल नुकसान के सम्बन्ध में कृषि विभाग द्वारा किसानों के लिये एडवाइजरी जारी किया गया है।

जिले के किसानों से अपील किया गया है कि अति गंभीर चक्रवाती तूफान अकवान से फसल क्षति की जानकारी प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत फसल नुकसान की सूचना अनिवार्य रूप से 72 घंटे के भीतर बीमा कंपनी द्वारा जारी टोल फ्री नं. 14447 कृषि रक्षक पोर्टल या क्रॉप इन्श्योरेन्स एप pmfby.gov.in पर सूचना देना अनिवार्य है।

बीमा कंपनी एचडीएफसी एग्राे द्वारा 10 दिनों के भीतर सर्वे रिपोर्ट प्रस्तुत किया जाएगा। फसल कटाई के बाद खेत में रखी फसल (करपा) को बेमौसम वर्षा, चक्रवात से क्षति पर 14 दिवस के लिए लागू होगा। वर्तमान में खड़ी फसल पर जल प्लावन की स्थिति निर्मित होने पर योजनांतर्गत फसल कटाई प्रयोग पर प्राप्त आंकड़ों के आधार पर बीमा दावा भुगतान की गणना की जाएगी।

कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने संयुक्त रूप से राजस्व एवं कृषि विभाग के अधिकारियों को खेतों का भ्रमण कर क्षति का आंकलन रिपोर्ट यथाशीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिये हैं।

उप संचालक कृषि दीपक नायक ने शनिवार काे बताया कि, किसानों को टोल फ्री नंबर 14447 पर सूचना देते समय किसान का नाम एवं मोबाइल नंबर, बीमा पालिसी नंबर, नुकसान का विवरण, दिनांक, ग्राम, तहसील एवं जिला का नाम, खसरा नंबर एवं बीमित फसल का नाम आदि जानकारी अनिवार्य रूप से अपने पास रखे जिससे जानकारी पोर्टल पर दर्ज हो सके। अकवान तूफान से असामयिक वर्षा हुई है। ऐसी स्थिति में घबराए नहीं। यदि फसल को भारी नुकसान हुआ है तो तुरंत सूचना राजस्व विभाग के पटवारी तथा ग्रामीण विकास के कृषि विस्तार अधिकारी को दें। कटी हुई या खड़ी फसल की फोटो-वीडियो अक्षांश-देशांश के साथ बना लें। नुकसान के 72 घंटे के भीतर सूचना नहीं देने पर बीमा क्लेम के लिये कृष्क पात्र नहीं होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780857 Articles

Share this story