अग्रवाल समाज की एकजुटता ने बदली तस्वीर, मजबूत वटवृक्ष बन चुका है समाज : विकास अग्रवाल
कोरबा, 25 अगस्त (हि. स.)। अग्रसेन भवन दर्री में अग्रवाल सभा दर्री, अग्रवाल महिला मंडल एवं मारवाड़ी युवा मंच के संयुक्त तत्वावधान में आज मंगलवार को “एक पेड़–एक जिंदगी” पाैधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में समाजसेवी एवं वरिष्ठ भाजपा नेता विकास अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। अग्रसेन महाराज के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इसके बाद भवन परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विकास अग्रवाल ने कहा कि, अग्रवाल समाज ने विभिन्न संस्थाओं और संगठनों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने बताया कि वे करीब 25 वर्षों से समाज में विभिन्न पदों पर रहकर अपनी सेवाएं दे रहे हैं और समाज की प्रगति को करीब से देखा है।
उन्होंने पुराने दिनों का स्मरण करते हुए बताया कि एक समय समाज में बर्तनों की कमी होने पर करीब 100 लोगों से पांच-पांच हजार रुपये का सहयोग मांगा गया था। समाजजनों की इसी सहयोग भावना, एकजुटता और समर्पण का परिणाम है कि आज अग्रवाल समाज एक मजबूत वटवृक्ष के रूप में स्थापित हो चुका है और आर्थिक रूप से भी सशक्त है।
विकास अग्रवाल ने कहा कि, समाज की वर्तमान मजबूती के पीछे पूर्वजों और बुजुर्गों की मेहनत, दूरदृष्टि और संस्कारों का बड़ा योगदान है। उन्होंने समाजजनों से एकजुटता बनाए रखने और समाज की मजबूती के लिए आर्थिक एवं शारीरिक रूप से योगदान देने का आह्वान किया।
“एक पेड़–एक जिंदगी” अभियान की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि वृक्ष पर्यावरण संरक्षण के साथ आने वाली पीढ़ियों के जीवन और सुरक्षा का आधार हैं। प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लेना चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों का स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मान किया गया। इस अवसर पर प्रेम अग्रवाल सहित अग्रवाल सभा, महिला मंडल, मारवाड़ी युवा मंच के पदाधिकारी एवं समाजजन मौजूद रहे। कार्यक्रम में पौधों की नियमित देखभाल करने और वृक्षारोपण को जनअभियान बनाने का संकल्प लिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

