बुजुर्ग महिला को मृत बताकर फर्जी दावा-आपत्ति, मुस्लिम समाज ने जताया कड़ा विरोध

WhatsApp Channel Join Now
बुजुर्ग महिला को मृत बताकर फर्जी दावा-आपत्ति, मुस्लिम समाज ने जताया कड़ा विरोध


बुजुर्ग महिला को मृत बताकर फर्जी दावा-आपत्ति, मुस्लिम समाज ने जताया कड़ा विरोध


कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे मुस्लिम समाज के पदाधिकारी व समाजजन

धमतरी, 04 फ़रवरी (हि.स.)। एसआईआर प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद मतदाता सूची में सुधार के लिए फार्म-सात के माध्यम से दावा-आपत्ति आमंत्रित की गई थी, लेकिन कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा इसका दुरुपयोग किए जाने का मामला सामने आया है।

आरोप है कि फर्जी तरीके से शहर के सैकड़ों मुस्लिम मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से कटवाने के लिए दावा-आपत्ति दर्ज कराई गई है। इससे संबंधित मतदाताओं को जवाब प्रस्तुत करने के लिए नोटिस जारी किए गए हैं।

इसी क्रम में नवागांव वार्ड की एक बुजुर्ग मुस्लिम महिला को मृत बताकर दावा-आपत्ति दर्ज कर दी गई। इसकी जानकारी मिलने पर बुजुर्ग महिला बैतुल कौसर मुस्लिम समाज के पदाधिकारियों एवं समाजजनों के साथ कलेक्ट्रेट एवं एसडीएम कार्यालय पहुंचीं और अधिकारियों के समक्ष स्पष्ट किया कि वे जीवित हैं।

महिला ने आधार कार्ड, मतदाता परिचय पत्र सहित अन्य दस्तावेज प्रस्तुत कर दावा-आपत्ति को पूरी तरह फर्जी बताया। मुस्लिम समाज के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि कुछ फर्जी लोगों द्वारा फार्म-सात का गलत उपयोग कर नवागांव वार्ड में ही 150 से अधिक मतदाताओं के नाम पर आपत्तियां लगाई गई हैं। इसके अलावा रोकड़िया परिवार के सभी सात सदस्यों के नाम मतदाता सूची से काटने के लिए भी फर्जी दावा-आपत्ति की गई है। समाजजनों का कहना है कि जिन व्यक्तियों के नाम से आपत्ति दर्ज की गई है, वे संबंधित वार्ड में मौजूद ही नहीं हैं, और जिनके नाम का उपयोग किया गया है, उन्हें इसकी कोई जानकारी नहीं है। समाज के प्रतिनिधियों ने बताया कि इसी तरह के मामले मगरलोड ब्लॉक सहित अन्य वार्डों में भी सामने आए हैं, जहां मुस्लिम समाज के मतदाताओं के नाम फर्जी ढंग से काटने का प्रयास किया जा रहा है। इससे समाज में भय और असंतोष का माहौल है। पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो वे हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे।

चार फरवरी को कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे समाजजनों में सदर शेख राजू मोबिन, दिलावर रोकड़िया, सलीम रोकड़िया, नवाब खान, बसीर अहमद, सैय्यद अफजल अली रिजवी, मेहबूब खान, हाजी अमीन, एम.ए. फहीम, रफीक भाई इतवाले, हकीम खान सहित बड़ी संख्या में समाजजन शामिल थे। समाजजनों ने कलेक्टर के नाम अपर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर फर्जी दावा-आपत्ति करने वालों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की मांग की। इस संबंध में एसडीएम धमतरी पीयूष तिवारी ने स्पष्ट किया कि बिना समुचित परीक्षण के किसी भी मतदाता का नाम सूची से नहीं काटा जाएगा। यदि दावा-आपत्ति फर्जी पाई जाती है तो मतदाता को जवाब देने की भी आवश्यकता नहीं होगी। उन्होंने समाजजनों को भरोसा दिलाया कि आपत्ति दर्ज कराने वाले व्यक्ति की पहचान कर उचित कार्रवाई की जाएगी तथा प्रत्येक मामले में मतदाता को सुनवाई का पूरा अवसर दिया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story