मुंगेली : एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में कक्षा 6वीं प्रवेश काउंसलिंग 30 जून से

WhatsApp Channel Join Now

मुंगेली 29 जून (हि.स.)। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 6वीं में प्रवेश हेतु आयोजित प्राक्चयन परीक्षा की प्रावीण्य सूची (मेरिट लिस्ट) के आधार पर चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेज सत्यापन एवं काउंसलिंग की तिथियां निर्धारित कर दी गई हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विकासखंड स्तर की काउंसलिंग 30 जून एवं 01 जुलाई को आयोजित होगी। जिलास्तर की काउंसलिंग 02 जुलाई को जिले में संचालित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में संपन्न होगी।

राज्यस्तर की काउंसलिंग 3 जुलाई को जिले के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय तथा बिलासपुर जिले के प्रयास आवासीय विद्यालय में आयोजित की जाएगी। इसी प्रकार विशेष पिछड़ी जनजाति समूह तथा प्रवेश दिशा-निर्देशों में उल्लेखित विशेष आरक्षित वर्ग के विद्यार्थियों के लिए काउंसलिंग 04 जुलाई को आयोजित की जाएगी। वहीं, जो अभ्यर्थी किसी कारणवश निर्धारित तिथि पर काउंसलिंग में शामिल नहीं हो पाएंगे, उन्हें अंतिम अवसर के रूप में 06 जुलाई को जिले में संचालित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में आयोजित काउंसलिंग में शामिल होने का अवसर मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल

Share this story