अवैध धान भंडारण पर प्रशासन की कार्रवाई, 10.40 क्विंटल धान जब्त
कोलियारी के सुयश ट्रेडिंग प्रतिष्ठान में उड़नदस्ता दल ने की जांच, संचालक के खिलाफ मंडी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज
धमतरी, 31 अक्टूबर (हि.स.)। समर्थन मूल्य पर धान खरीद शुरू होने से पहले ही अवैध धान भंडारण और परिवहन पर जिला प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। कोचियों और बिचौलियों द्वारा अवैध रूप से धान का भंडारण कर उसे खरीद केंद्रों में खपाने की आशंका को देखते हुए जिले के सभी विकासखंडों में संयुक्त उड़नदस्ता दल गठित कर निगरानी की जा रही है।
इसी कड़ी में आज शनिवार को धमतरी विकासखंड के उड़नदस्ता दल ने ग्राम कोलियारी स्थित सुयश ट्रेडिंग प्रतिष्ठान में आकस्मिक जांच की। खाद्य विभाग एवं कृषि उपज मंडी धमतरी के अधिकारियों ने प्रतिष्ठान संचालक शत्रुघन सोनकर के यहां जांच के दौरान 26 कट्टा यानी 10.40 क्विंटल धान का अवैध भंडारण पाया। अधिकारियों ने मौके पर धान जब्त कर संचालक के विरुद्ध कृषि उपज मंडी अधिनियम 1972 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। प्रशासन ने राजस्व, कृषि, खाद्य, सहकारिता एवं कृषि उपज मंडी विभाग के अधिकारियों को शामिल कर उड़नदस्ता दलों के माध्यम से निगरानी तेज कर दी है। समर्थन मूल्य पर धान खरीद व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने और बिचौलियों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए आगे भी जांच और कार्रवाई जारी रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

