कोरबा में एलपीजी और पेट्रोल की पर्याप्त उपलब्धता, प्रशासन ने अफवाहों से बचने की अपील की

WhatsApp Channel Join Now
कोरबा में एलपीजी और पेट्रोल की पर्याप्त उपलब्धता, प्रशासन ने अफवाहों से बचने की अपील की


कोरबा, 17 मार्च (हि.स.)। जिले में एलपीजी गैस सिलेंडर और पेट्रोल की उपलब्धता पूरी तरह सामान्य और सुचारू बनी हुई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सभी वितरण केंद्रों और पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त स्टॉक मौजूद है तथा आपूर्ति व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में आपूर्ति प्रणाली को व्यवस्थित और पारदर्शी बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

इसी बीच, शहरी क्षेत्र इंद्राविहार कॉलोनी के निवासी सुभाष चंद्र अग्रवाल का अनुभव इस व्यवस्था की सफलता का उदाहरण बनकर सामने आया है। उन्होंने एक दिन पहले घरेलू गैस सिलेंडर की बुकिंग की थी और अगले ही दिन उन्हें समय पर डिलीवरी मिल गई। उन्होंने बताया कि शुरुआत में उन्हें भी गैस की उपलब्धता को लेकर भ्रम था, लेकिन वास्तविक स्थिति पूरी तरह सामान्य पाई गई।

खाद्य अधिकारी घनश्याम कंवर ने बताया कि सभी गैस एजेंसियों के स्टॉक की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है और प्रतिदिन नया स्टॉक भी आ रहा है। प्रमुख गैस एजेंसियों की वितरण क्षमता में भी वृद्धि की गई है, ताकि उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर उपलब्ध कराया जा सके।

प्रशासन ने सभी एजेंसियों को निर्देश दिए हैं कि वे स्टॉक और वितरण के बीच संतुलन बनाए रखें तथा लंबित बुकिंग का शीघ्र निराकरण करें। इसके लिए परिवहन और संसाधनों को भी मजबूत किया जा रहा है।

जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। जिले में गैस और पेट्रोल की पर्याप्त उपलब्धता है और सभी उपभोक्ताओं को समय पर आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story