नशा मुक्ति का संदेश लेकर धमतरी से काठमांडू तक साइकिल यात्रा करने वाले तुलसी राम साहू का सम्मान

WhatsApp Channel Join Now
नशा मुक्ति का संदेश लेकर धमतरी से काठमांडू तक साइकिल यात्रा करने वाले तुलसी राम साहू का सम्मान


धमतरी, 02 जुलाई (हि.स.)। नशा मुक्ति के प्रति जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से धमतरी से काठमांडू (नेपाल) तक साइकिल यात्रा करने वाले समाजसेवी तुलसी राम साहू का पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मान किया। तुलसी राम साहू ने पूरी यात्रा के दौरान लाउडस्पीकर के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए लोगों को नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया।

उनके इस समाजहितैषी प्रयास की सराहना करते हुए पुलिस अधीक्षक ने उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और धमतरी पुलिस के नशा मुक्ति जनजागरूकता अभियान में आगे भी सक्रिय सहयोग देने का आग्रह किया। इस अवसर पर तुलसी राम साहू ने पर्यावरण संरक्षण और पक्षी संवर्धन का संदेश देते हुए पुलिस अधीक्षक तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को पक्षियों के सुरक्षित आश्रय के लिए कृत्रिम मिट्टी के घड़ेनुमा घोंसले भेंट किए।

उन्होंने आम नागरिकों से भी अपने घरों और आसपास ऐसे घोंसले लगाने की अपील की, ताकि पक्षियों को सुरक्षित आश्रय मिल सके। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं तुलसी राम साहू के सहयोगी जगने भी मौजूद रहे। धमतरी पुलिस ने कहा कि समाजहित, जनजागरूकता और पर्यावरण संरक्षण जैसे सकारात्मक अभियानों में योगदान देने वाले लोगों का सम्मान और प्रोत्साहन आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story