राहुल बैग संचालक पर एफआईआर के बाद बढ़ा विवाद, निगम आयुक्त और व्यापारी आमने-सामने

WhatsApp Channel Join Now

कोरबा, 04 अगस्त (हि. स.)। शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के बीच अब एक कार्रवाई विवाद का कारण बन गई है। पावर हाउस रोड स्थित राहुल बैग के संचालक के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने के आरोप में कोतवाली थाना में एफआईआर दर्ज होने के बाद मामला तूल पकड़ गया है। इसके जवाब में संबंधित व्यापारी ने भी मंगलवार को निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय और उनके साथ पहुंचे अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ थाना में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, नगर निगम की टीम सार्वजनिक स्थान पर कचरा फेंके जाने की शिकायत पर कार्रवाई के लिए पहुंची थी। इस दौरान राहुल बैग के संचालक और निगम अधिकारियों के बीच तीखी बहस हो गई। निगम ने कचरा फेंकने के मामले में एक हजार रुपये का जुर्माना लगाया। आरोप है कि जुर्माना वसूलने और कार्रवाई के दौरान शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की गई, जिसके आधार पर निगम के स्वच्छता निरीक्षक की रिपोर्ट पर कोतवाली थाना में एफआईआर दर्ज कराई गई।

दूसरी ओर, एफआईआर की जानकारी मिलने के बाद व्यापारी ने भी पूरे घटनाक्रम का वीडियो उपलब्ध कराते हुए नगर निगम आयुक्त और उनके साथ मौजूद टीम के खिलाफ थाना में शिकायत दर्ज कराई है। इस घटनाक्रम के बाद शहर में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। माना जा रहा है कि नगर निगम के इतिहास में संभवतः पहली बार किसी स्वच्छता संबंधी कार्रवाई का मामला एफआईआर तक पहुंचा है।

हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story