जशपुर : पुलिस की गौ तस्करों पर सर्जिकल स्ट्राइक, पिकअप समेत 9 गौवंश ज़ब्त

WhatsApp Channel Join Now
जशपुर : पुलिस की गौ तस्करों पर सर्जिकल स्ट्राइक, पिकअप समेत 9 गौवंश ज़ब्त


जशपुर, 16 अप्रैल (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में गौ तस्करी के विरुद्ध पुलिस का 'ऑपरेशन शंखनाद' पूरी सख्ती के साथ जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के कुशल मार्गदर्शन में जशपुर पुलिस ने एक बार फिर तस्करों के मंसूबों पर पानी फेरते हुए 9 गौवंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया है। इस कार्रवाई में लोदाम पुलिस ने नेशनल हाईवे-43 पर नाकाबंदी कर एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है, जिसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

लोदाम पुलिस को 14 अप्रैल को पुख्ता मुखबिर से सूचना मिली थी कि सफेद रंग की पिकअप (क्रमांक JH01 FP 3193) में भारी मात्रा में गौवंश क्रूरतापूर्वक भरकर जशपुर से झारखंड ले जाए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने पतराटोली के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही पिकअप चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ा दी और भागने का प्रयास किया। पुलिस ने पीछा किया तो चालक भलामंडा तिराहे के पास वाहन छोड़कर जंगल की ओर भाग निकला। जांच करने पर पुलिस ने पिकअप के भीतर ठूस-ठूस कर भरे गए 9 नग गौवंश बरामद किए। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने फरार आरोपित इमरान खान (28 वर्ष), निवासी लोदाम को घेराबंदी कर हिरासत में ले लिया।

पूछताछ में सामने आया कि इमरान खान एक आदतन अपराधी है। उसके विरुद्ध लोदाम, नारायणपुर और कुनकुरी थानों में गौ तस्करी और चोरी के कई पुराने मामले दर्ज हैं। आरोपित के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है। इस पूरी कार्रवाई में लोदाम थाना प्रभारी निरीक्षक कृष्ण कुमार साहू और उनकी टीम की विशेष भूमिका रही।

जशपुर पुलिस की यह सक्रियता पिछले दो सप्ताह से लगातार देखने को मिल रही है। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों जैसे बगीचा, नारायणपुर, लोदाम, दोकड़ा और आरा में हुई कार्रवाईयों में अब तक कुल 82 गौवंशों को बचाया जा चुका है। इन मामलों में पुलिस ने अब तक 8 तस्करों को गिरफ्तार किया है और तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे दो पिकअप, एक ट्रक और एक स्कॉर्पियो सहित कई वाहन ज़ब्त किए हैं। डॉ. लाल उमेद सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में गौ तस्करी करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और पुलिस का मुखबिर तंत्र हर संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नज़र रखे हुए है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

Share this story