सिंगल यूज प्लास्टिक और कचरा फैलाने वालों पर निगम की कार्रवाई, 7300 रुपये का जुर्माना

WhatsApp Channel Join Now
सिंगल यूज प्लास्टिक और कचरा फैलाने वालों पर निगम की कार्रवाई, 7300 रुपये का जुर्माना


कोरबा, 24 फरवरी (हि. स.)। नगर निगम कोरबा ने प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए कुल 7300 रुपये का अर्थदंड लगाया है।

आयुक्त आशुतोष पाण्डेय के निर्देश पर निगम के स्वास्थ्य अमले ने आज मंगलवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण कर नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों और लोगों पर जुर्माना लगाया तथा भविष्य में नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी।

आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने निगम अधिकारियों की टीम के साथ गुरु घासीदास चौक से लेकर मुड़ापार बस्ती की गलियों तक पैदल भ्रमण कर साफ-सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बस्ती की समस्याओं का जायजा लिया और अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। गुरु घासीदास चौक में अव्यवस्थित ढंग से लगे ठेलों और वहां की सफाई व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। मुड़ापार क्षेत्र में आयुक्त ने स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान गुरु घासीदास चौक के पास खुले में कचरा फेंकने का मामला सामने आया, जिस पर संबंधित व्यक्ति पर 1000 रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा शहर के अन्य स्थानों पर गंदगी फैलाने और कचरा प्रबंधन में लापरवाही बरतने वालों पर निगम टीम ने कुल 3000 रुपये का अतिरिक्त अर्थदंड लगाया।

प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ भी निगम ने सख्ती दिखाई। सर्वमंगला मंदिर परिसर के आसपास दुकानों के निरीक्षण के दौरान प्लास्टिक कैरीबैग और अन्य प्रतिबंधित सामग्री का उपयोग करते पाए जाने पर दुकानदारों पर 3300 रुपये का जुर्माना लगाया गया। स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय तिवारी और जोन कमिश्नर सुनील टांडे ने दुकानदारों को सख्त चेतावनी देते हुए प्लास्टिक के स्थान पर वैकल्पिक साधनों का उपयोग करने के निर्देश दिए।

नगर निगम ने सर्वमंगला मंदिर परिसर को पहले ही पूर्णतः प्लास्टिक मुक्त क्षेत्र घोषित किया है और यहां प्लास्टिक के उपयोग पर पूरी तरह प्रतिबंध लागू है। महापौर संजू देवी राजपूत और आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि कोरबा शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में सभी की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने लोगों से सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फेंकने और सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग पूरी तरह बंद करने का आग्रह किया, ताकि स्वच्छ सर्वेक्षण में कोरबा बेहतर प्रदर्शन कर सके।

हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story