जांजगीर-चांपा में अवैध रेत उत्खनन पर कार्रवाई, एक जेसीबी और सात ट्रैक्टर जब्त

WhatsApp Channel Join Now
जांजगीर-चांपा में अवैध रेत उत्खनन पर कार्रवाई, एक जेसीबी और सात ट्रैक्टर जब्त


जांजगीर-चांपा, 09 अक्टूबर (हि. स.)। जिले में रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देश पर राजस्व, पुलिस और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने आज शुक्रवार काे विभिन्न क्षेत्रों में औचक जांच कर 8 वाहनों को जब्त किया है। इनमें रेत के अवैध उत्खनन में लगी एक जेसीबी मशीन और अवैध परिवहन में संलिप्त 7 ट्रैक्टर शामिल हैं।

खनिज विभाग के अनुसार, ग्राम नवापारा (केवा) में जांच के दौरान रेत के अवैध उत्खनन में एक जेसीबी एक्सकैवेटर मशीन को संलिप्त पाया गया। टीम ने मशीन को जब्त कर कलेक्टोरेट परिसर में सुरक्षार्थ रखवा दिया। वहीं, ग्राम पीथमपुर में हसदेव नदी क्षेत्र से रेत के अवैध परिवहन के मामले में 7 ट्रैक्टर जब्त किए गए।

संयुक्त टीम ने महुदा, पिपरदा, पुछेली, पीथमपुर, हाथनेवरा, चांपा और नवागढ़ क्षेत्र में भी आकस्मिक निरीक्षण किया। जब्त वाहनों को पुलिस थाना चांपा, नवागढ़ और कलेक्टोरेट परिसर में सुरक्षार्थ रखा गया है।

प्रशासन के अनुसार, दर्ज प्रकरणों में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 से 23 (ख) तथा छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 के नियम 71 के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।

कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने संबंधित विभागों को जिले में रेत के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर प्रभावी रोक लगाने तथा ऐसे मामलों में लगातार सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story