जांजगीर-चांपा में नेशनल हाईवे पर अवैध कब्जों पर कार्रवाई, कई चौक से हटाया अतिक्रमण

WhatsApp Channel Join Now
जांजगीर-चांपा में नेशनल हाईवे पर अवैध कब्जों पर कार्रवाई, कई चौक से हटाया अतिक्रमण


जांजगीर-चांपा में नेशनल हाईवे पर अवैध कब्जों पर कार्रवाई, कई चौक से हटाया अतिक्रमण


जांजगीर-चांपा में नेशनल हाईवे पर अवैध कब्जों पर कार्रवाई, कई चौक से हटाया अतिक्रमण


जांजगीर-चांपा, 21 मार्च (हि. स.)। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से प्रशासन ने नेशनल हाईवे मार्ग पर अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देश पर जिला प्रशासन, पुलिस, परिवहन विभाग और निर्माण एजेंसी की संयुक्त टीम ने आज शनिवार को विभिन्न चौक-चौराहों से अतिक्रमण हटाया।

यह कार्रवाई जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में लिए गए निर्णय के तहत की गई। बैठक में सुकली चौक, मुनंद चौक, खोखरा अंबेडकर चौक और पिसौद चौक जैसे प्रमुख स्थानों पर अवैध कब्जों को हटाने के निर्देश दिए गए थे। इन स्थानों पर अतिक्रमण के कारण वाहन चालकों की दृष्टि बाधित हो रही थी, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी।

जिला परिवहन अधिकारी गौरव साहू ने बताया कि कलेक्टर के निर्देशानुसार अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) जांजगीर, पुलिस विभाग, परिवहन विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण एजेंसी की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए चिन्हित स्थानों से अवैध कब्जे हटाए। कार्रवाई के दौरान तहसीलदार आर.के. मरावी और राष्ट्रीय राजमार्ग के सब इंजीनियर विजय साहू सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक प्रतिमाह आयोजित की जाती है, जिसमें ब्लैक स्पॉट और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में आवश्यक सुधार के निर्देश दिए जाते हैं। साथ ही पुलिस और परिवहन विभाग को मोटरयान अधिनियम के तहत नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके अलावा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को सड़क दुर्घटना की स्थिति में त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि दुर्घटनाओं में जनहानि को कम किया जा सके। प्रशासन को उम्मीद है कि इस तरह की सतत कार्रवाई से जिले में सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story