रायपुर : होली त्यौहार के मद्देनजर रायपुर पुलिस एक्शन मोड पर, विभिन्न धाराओं के तहत 613 लोगों पर की कार्रवाई

WhatsApp Channel Join Now
रायपुर : होली त्यौहार के मद्देनजर रायपुर पुलिस एक्शन मोड पर, विभिन्न धाराओं के तहत 613 लोगों पर की कार्रवाई


रायपुर : होली त्यौहार के मद्देनजर रायपुर पुलिस एक्शन मोड पर, विभिन्न धाराओं के तहत 613 लोगों पर की कार्रवाई


67 गुंडे, निगरानी बदमाश व चाकूबाजो की चेकिंग कर दी गई कड़ी समझाइश

रायपुर, 3 मार्च (हि.स.)। होली त्यौहार के चलते आज मंगलवार को क्षेत्र में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने व्यापक एवं सघन विशेष अभियान चलाया गया। अभियान समस्त पुलिस बल की सक्रिय सहभागिता से चलाया गया, जिसमें क्षेत्र के संवेदनशील एवं प्रमुख थाना क्षेत्रों को विशेष रूप से शामिल किया गया।

अभियान के अंतर्गत आज मंगलवार को थाना माना, मंदिर हसौद, आरंग, धरसींवा, अभनपुर, गोबरानवापारा, राखी, विधानसभा, खरोरा एवं तिल्दा नेवरा क्षेत्रों में एक साथ समन्वित कार्यवाही की गई। पुलिस टीमों द्वारा लंबित वारंटों की तामिली, निगरानी बदमाशों की चेकिंग, संदिग्ध व्यक्तियों की धरपकड़ तथा यातायात नियमों के उल्लंघन पर कठोर कार्यवाही की गई।

कार्यवाही के दौरान कुल 223 वारंटों की तामिली कर न्यायालयीन आदेशों का पालन सुनिश्चित किया गया। इसके अतिरिक्त 119 आरोपितों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्यवाही करते हुए संभावित शांति भंग की स्थिति को नियंत्रित किया गया। 1 आरोपित के विरुद्ध आर्म्स एक्ट, 12 आरोपितों के विरुद्ध आबकारी एक्ट, 99 आरोपितों के विरुद्ध कोटपा एक्ट, 158 वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई, 6 आरोपित के विरुद्ध जुआ/सट्टा अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।

इसके अतिरिक्त क्षेत्र के 49 गुण्डा/निगरानी बदमाशों एवं 18 चाकूबाज प्रवृत्ति के व्यक्तियों की सघन चेकिंग कर उन्हें सख्त चेतावनी एवं समझाईश दी गई, ताकि त्यौहार के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके। इस विशेष अभियान के अंतर्गत विभिन्न अधिनियमों एवं धाराओं के तहत कुल 613 व्यक्तियों व प्रकरणों पर प्रभावी कार्रवाईकी गई।

रायपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि, वे होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं, अफवाहों पर ध्यान न दें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या असामाजिक तत्वों की सूचना तत्काल निकटतम थाना अथवा पुलिस कंट्रोल रूम को प्रदान करें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

Share this story