पामगढ़ में नाबालिग बालिका से मारपीट करने वाला आरोपित गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
पामगढ़ में नाबालिग बालिका से मारपीट करने वाला आरोपित गिरफ्तार


जांजगीर-चांपा, 08 अप्रैल (हि. स.)। जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र में नाबालिग बालिका के साथ मारपीट करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित को आज बुधवार को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने 07 अप्रैल 2026 को थाना पामगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि सुबह लगभग 8:10 बजे वह अपने घर के सामने अपनी चाची के साथ बातचीत कर रही थी। इसी दौरान आरोपी हरिओम प्रजापति वहां पहुंचा और गाली-गलौच करने लगा। जब पीड़िता ने इसका विरोध किया, तो आरोपी उसके पीछे-पीछे घर के अंदर घुस गया और जान से मारने की धमकी देते हुए उसके साथ मारपीट की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पामगढ़ पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपित को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपित ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस ने आरोपित के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(3), 115(2) और 333 के तहत मामला दर्ज किया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सावन सारथी, उप निरीक्षक सरोज पाटले सहित पुलिस टीम के अन्य जवानों का विशेष योगदान रहा।

पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई के लिए इस तरह की कार्यवाही आगे भी जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story