बलरामपुर : जंगल में लाखों रुपये के जुए के मामले में एक और आरोपित गिरफ्तार
बलरामपुर, 25 जून (हि.स.)। बलरामपुर जिले के रघुनाथनगर थाना क्षेत्र के बलंगी चौकी अंतर्गत ग्राम कर्री जंगल में लाखों रुपये के जुए के मामले में पुलिस को एक और सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपित योगेंद्र जायसवाल को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 18 मई 2026 को विश्वसनीय सूचना प्राप्त हुई थी कि अन्य राज्यों तथा स्थानीय क्षेत्र के कुछ लोग ग्राम कर्री के जंगल में ताश पत्तों के माध्यम से लाखों रुपये का हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर बलरामपुर मुख्यालय और चौकी बलंगी पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी थी।
रेड कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आशीष पांडे निवासी कसारी तथा गुलाबचंद जायसवाल निवासी रमेशपुर को गिरफ्तार कर कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया था। वहीं योगेंद्र जायसवाल अपने कुछ अन्य साथियों के साथ मौके से फरार हो गया था।
मामले की विवेचना और फरार आरोपितों की तलाश के दौरान पुलिस ने योगेंद्र जायसवाल (पिता रामगुलाम जायसवाल), निवासी रघुनाथनगर को 25 जून को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 तथा भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई।
गिरफ्तारी के बाद आरोपित को आज न्यायालय वाड्रफनगर में पेश किया गया। न्यायालय से जेल वारंट जारी होने के बाद उसे रामानुजगंज जेल भेज दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

