जांजगीर-चांपा : 24 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब के साथ आरोपित गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा, 16 अप्रैल (हि. स.)। जिले में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में आज गुरुवार काे पामगढ़ थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब के साथ एक आरोपित को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर से सूचना प्राप्त होने पर थाना पामगढ़ की टीम ने ग्राम भैसो निवासी 33 वर्षीय रघुवीर सिंह ठाकुर को पकड़कर उसके कब्जे से करीब 24 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की, जिसकी अनुमानित कीमत 4800 रुपये बताई जा रही है।
आरोपित के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर विधिवत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पामगढ़ निरीक्षक सावन सारथी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम में उप निरीक्षक सरोज पाटले, प्रधान आरक्षक मंजू सिंह, आरक्षक मुकेश कमलेश, चंद्रशेखर कैवर्त्य, श्याम ओग्रे, विनोद मनहर एवं सैनिक अनिल दिनकर का सराहनीय योगदान रहा।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

