जांजगीर-चांपा: तलवार लेकर लोगों को डराने वाला आरोपित गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा, 21 अप्रैल (हि. स.)। सिटी कोतवाली पुलिस ने क्षेत्र में दहशत फैलाने वाले एक आरोपित काे धारदार हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपित राह चलते लोगों को तलवार दिखाकर डराने-धमकाने का प्रयास कर रहा था।
पुलिस ने आज मंगलवार काे बताया कि शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में नियमित पेट्रोलिंग के दौरान बीते सोमवार रात पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि खोखरा सूर्या चौक के पास एक व्यक्ति धारदार हथियार लेकर लोगों को डरा रहा है। सूचना मिलते ही इसकी जानकारी जिला प्रभारी पुलिस अधीक्षक निवेदिता पॉल (रापुसे), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप तथा सीएसपी योगिता बाली खापर्डे को दी गई।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। वहां से एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा गया, जिसने पूछताछ में अपना नाम गौरी शंकर सूर्यवंशी (32 वर्ष), निवासी खोखरा सूर्या चौक, जांजगीर बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक धारदार तलवार बरामद की गई।
पुलिस ने आरोपित के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

