शासकीय कार्य में बाधा और संपत्ति नुकसान का आरोपित गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया

WhatsApp Channel Join Now
शासकीय कार्य में बाधा और संपत्ति नुकसान का आरोपित गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया


जांजगीर-चांपा, 19 मार्च (हि. स.)। अकलतरा थाना पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले एक आरोपित को आज गुरुवार काे गिरफ्तार किया है। आरोपित के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं सहित लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 13 मार्च 2026 को दोपहर करीब 3:30 बजे ग्राम खपरीडीह निवासी आरोपित जीवराखन मिरी मोटरसाइकिल से तहसील कार्यालय अकलतरा पहुंचा। आरोपित शराब के नशे में था और मुख्य द्वार पर वाहन खड़ा कर गाली-गलौज करते हुए कार्यालय के भीतर प्रवेश कर गया।

आरोपित ने वहां मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार किया, उन्हें जान से मारने की धमकी दी और महत्वपूर्ण दस्तावेजों को फाड़ दिया। इसके साथ ही उसने कार्यालय परिसर में लगे सोलर पैनल के तारों को खींचकर तोड़ दिया, जिससे शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचा और कामकाज बाधित हुआ।

घटना की सूचना मिलते ही अकलतरा थाना पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया। घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी जब्त किया गया है। आरोपित को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story