मोटर सायकल वाहन चोरी करने वाला एक आरोपित गिरफ्तार
जगदलपुर, 11 अगस्त (हि.स.)। बोधघाट थाना पुलिस ने हल्बा कचौरा क्षेत्र से मोटरसाइकिल चोरी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की बाइक बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान बिलासा बघेल (20 वर्ष), निवासी नयामुंडा महारानी वार्ड, के रूप में हुई है। उसके कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी-17-केयू-3240 बरामद की गई।
जानकारी के मुताबिक, हल्बा कचौरा निवासी भारत मौर्य (40 वर्ष) ने अपने घर के सामने खड़ी मोटरसाइकिल चोरी होने की रिपोर्ट बोधघाट थाने में दर्ज कराई थी। मामले की जांच के लिए पुलिस टीम गठित की गई। जांच के दौरान शहर के विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की गई।
पुलिस ने आरोपी को आड़ावाल के पास से हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली और उसकी निशानदेही पर छिपाकर रखी गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई। पुलिस ने चोरी की बाइक जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया। आज मंगलवार को उसे न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

