कोरबा में युवती से मारपीट कर मोबाइल लूटने वाला आरोपित गिरफ्तार, सीसीटीवी फुटेज से हुई पहचान

WhatsApp Channel Join Now
कोरबा में युवती से मारपीट कर मोबाइल लूटने वाला आरोपित गिरफ्तार, सीसीटीवी फुटेज से हुई पहचान


कोरबा, 09 अगस्त (हि. स.)। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में युवती से मारपीट कर मोबाइल लूटने के मामले में सीएसईबी चौकी पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से लूटा गया रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन भी बरामद किया है। यह कार्रवाई कोरबा पुलिस के ‘सजग कोरबा-सतर्क कोरबा’ अभियान के तहत की गई।

पुलिस के अनुसार, 30 मार्च 2026 की रात करीब 9:30 बजे 24 वर्षीय पूनम राय, निवासी बालाजी विहार स्कूल के पास, पंप हाउस अटल आवास, चौकी सीएसईबी, बाजार से पैदल अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान रेलवे क्रॉसिंग के पास अंधेरे का फायदा उठाकर एक अज्ञात युवक ने उनका हाथ पकड़ लिया और उनके साथ मारपीट की। इसके बाद आरोपित करीब 15 हजार रुपये कीमत का रियलमी मोबाइल फोन छीनकर मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद पीड़िता की शिकायत पर सीएसईबी चौकी पुलिस ने अपराध क्रमांक 274/2026 दर्ज कर धारा 304(2), 115(2) बीएनएस के तहत मामला कायम किया और जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपित की तलाश के लिए घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों और लगातार पतासाजी के आधार पर पुलिस को आरोपित की पहचान रामा सोरी (उम्र 29 वर्ष) निवासी जैन मंदिर के पीछे, बुधवार बाजार के पास, कोरबा के रूप में हुई।

पुलिस को 9 अगस्त 2026 को मुखबिर से आरोपि‍त के बुधवार रेलवे किनारे बस्ती, चौकी सीएसईबी क्षेत्र में मौजूद होने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर रामा सोरी को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपि‍त ने युवती के साथ मारपीट कर मोबाइल लूट की घटना को स्वीकार किया।

आरोपि‍त के कब्जे से पुलिस ने र‍ियलमी कंपनी का मोबाइल फोन, मॉडल आरएमएक्‍स 3944, जिसकी कीमत करीब 15 हजार रुपये है, बरामद कर विधिवत जब्त किया। विवेचना के दौरान अपराध की प्रकृति के आधार पर प्रकरण में धारा 309(6) बीएनएस भी जोड़ी गई। आरोपि‍त रामा सोरी को आज रव‍िवार को दोपहर 1:10 बजे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

आरोपि‍त की गिरफ्तारी और लूटे गए मोबाइल की बरामदगी में पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्रवाई में सीएसईबी चौकी प्रभारी उप निरीक्षक राजेश तिवारी, प्रशिक्षु उप निरीक्षक प्रमोद पटेल, प्रधान आरक्षक 286 गोविन्द सिंह और आरक्षक 689 रितेश शर्मा का विशेष योगदान रहा।

हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story