गड़ा धन पाने की लालच में नरबलि के प्रयास करने वाले दाे आराेपित गिरफ्तार
जगदलपुर, 01 अक्टूबर (हि.स.)। बस्तर जिले के कोहकापाल पंचायत में गड़ा धन पाने की लालच में नरबलि के प्रयास का मामला सामने आया है। ग्रामीणों के अनुसार गांव के ही दो युवकों ने गड़ा धन पाने की लालच में 12 साल के एक बालक की बलि देने का प्रयास किया।
बच्चे ने आरोपितों के चंगुल से छूट कर जैसे- तैसे अपनी जान बचाई। ग्रामीणों के अनुसार इस घटना के बाद गांव में पंचायत बिठाई गई, जहां दोनों कथित आरोपितों (लखीराम और गुरसाय) ने अपना जुर्म कबूल भी किया। ग्रामीणों के अनुसार उनके द्वारा इस घटना की शिकायत नगरनार थाने में भी की गई, लेकिन पुलिस की तरफ से कोई कार्रवाई नहीं की गई। दोनों कथित गांव में आजाद घूम रहे थे, जिसकी वजह से गांव में डर का माहौल बना हुआ था। वहीं दूसरी तरफ पुलिस गुरूवार काे दो नामजद आरोपितों और एक गांव के बाबा के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया, फिलहाल पुलिस आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछ-ताछ कर रही है। इस मामले में और भी आरोपितों की सहभागिता होने की बात प्राथमिक जांच में सामने आई है।
कोहकापाल पंचायत के ग्रामीणों ने जगदलपुर पहुंचकर सीएसपी से इसकी शिकायत की, जांच के बाद पुलिस ने पाया कि, दोनों ही आरोपी ने बच्चे का अपरहण कर एक बाबा की मदद से बच्चे पर जादू- टोना करने का प्रयास किया। बच्चे की आंख में पट्टी बांधकर तंत्र विद्या की गई, ताकि गांव में कहीं गड़े धन की जानकारी उन्हें मिल जाए। जिसके बाद जैसे- तैसे बच्चा उनके चंगुल से भाग निकलने में कामयाब हो गया। वहां से भागकर अपने परिवार वालों को बच्चे ने इसकी जानकारी दी।
जगदलपुर के सीएसपी सुमित कुमार ने बताया कि, इस मामले में तीन नामजद आरोपितों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गयी है। पुलिस ने आरोपितों पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है जिसमे धारा 137(2) बीएनएस (अपहरण) धारा 127(2) बीएनएस (बंधक बनाना)धारा 351(2) बीएनएस (आपराधिक धमकी) धारा 3(5) बीएनएस (साझा मंशा) के तहत मामला दर्ज किया गया है। सीएसपी ने बताया कि अंधविश्वास की वजह से गांव में इस तरह का माहौल बन गया। फिलहाल अपने तांत्रिक विद्या से गांव वाले को बहकाने वाले एक बाबा को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

