छेड़छाड़ के मामले में सात माह से फरार आरोपित गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा

WhatsApp Channel Join Now
छेड़छाड़ के मामले में सात माह से फरार आरोपित गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा


जांजगीर-चांपा, 23 जुलाई (हि. स.)। जिले की पुलिस ने छेड़छाड़ के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपित को गिरफ्तार कर आज गुरुवार काे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपित करीब सात महीने से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था। पुलिस ने लगातार तलाश के बाद उसे पकड़ने में सफलता हासिल की।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह मामला 23 दिसंबर 2025 काे पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपित संजय कुमार यादव (42 वर्ष), निवासी जयरामनगर (खैरा), थाना मस्तुरी, जिला बिलासपुर तथा वर्तमान निवासी थाना रोड, अकलतरा, जिला जांजगीर-चांपा ने उसके साथ गलत नीयत से छेड़छाड़ की। इतना ही नहीं, घटना की जानकारी किसी को देने पर जान से मारने की धमकी भी दी थी।

पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की थी। घटना के बाद आरोपित फरार हो गया था, जिसकी लगातार तलाश की जा रही थी।

विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपित संजय कुमार यादव को गिरफ्तार कर हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपित ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने विधिवत गिरफ्तारी की कार्रवाई पूरी करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में एसडीओपी प्रदीप कुमार सोरी के मार्गदर्शन में एएसआई दाऊ लाल बरेठ ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जांजगीर-चांपा पुलिस ने कहा कि महिलाओं के विरुद्ध अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और ऐसे मामलों में किसी भी आरोपित को बख्शा नहीं जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story