कोरबा : चर्च में घुसकर युवक से मारपीट का आरोप; मसीही समुदाय ने कोरबा-रजगामार मार्ग पर किया चक्काजाम
कोरबा, 08 नवंबर (हि.स.)। जिले के रजगामार चौकी क्षेत्र में रविवार दोपहर एक चर्च में जमकर हंगामा होने का मामला सामने आया है। आरोप है कि हिंदू संगठन से जुड़े कुछ लोग चर्च में पहुंचे और वहां मौजूद महिलाओं के साथ विवाद करने लगे। इस दौरान विरोध करने पर एक युवक के साथ मारपीट किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति निर्मित हो गई। आक्रोशित मसीही समुदाय के लोगों ने आरोपिताें के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर कोरबा-रजगामार मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। इससे मार्ग पर आवागमन प्रभावित रहा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर कुछ लोग चर्च के अंदर पहुंचे और वहां मौजूद महिलाओं से विवाद करने लगे। देखते ही देखते मामला बढ़ गया। आरोप है कि इस दौरान एक युवक के साथ मारपीट की गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद मसीही समुदाय के लोग बड़ी संख्या में एकत्रित हो गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
दूसरी ओर, हिंदू संगठन से जुड़े लोगों ने चर्च में धर्म परिवर्तन कराए जाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि क्षेत्र में पहले भी इस तरह की गतिविधियों को लेकर विरोध दर्ज कराया जा चुका है। हालांकि, धर्म परिवर्तन के आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
घटना से नाराज मसीही समुदाय के लोगों ने कोरबा-रजगामार मुख्य मार्ग पर बैठकर चक्काजाम कर दिया और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे। सड़क पर प्रदर्शन के कारण दोनों ओर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और जवान मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर उन्हें उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद लोगों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले भी रजगामार क्षेत्र में धर्म परिवर्तन के आरोपों को लेकर विवाद सामने आया था। उस दौरान भी पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा था। लगातार सामने आ रहे ऐसे विवादों के कारण क्षेत्र में सामाजिक सौहार्द और कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।
इस संबंध में कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। संबंधित पक्षों से शिकायत प्राप्त होने पर तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल लोगों को समझाइश देकर चक्काजाम समाप्त करा दिया गया है। एहतियात के तौर पर घटनास्थल पर पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

