कोरबा : तेज़ रफ़्तार का कहर, 407 वाहन की टक्कर से एसईसीएल कर्मी की मौत

WhatsApp Channel Join Now
कोरबा : तेज़ रफ़्तार का कहर, 407 वाहन की टक्कर से एसईसीएल कर्मी की मौत


कोरबा,14 अप्रैल (हि. स.)। औद्योगिक क्षेत्र कटघोरा में तेज़ रफ़्तार वाहनों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। आज मंगलवार दोपहर कटघोरा-ढेलवाडीह बायपास मार्ग पर हुए एक भीषण सड़क हादसे में एसईसीएल के एक कर्मचारी की दर्दनाक मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान आशुतोष कुमार सिंह के रूप में हुई है, जो एसईसीएल सुराकछार में माइनिंग सरदार के पद पर कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि आशुतोष अपनी बुलेट मोटरसाइकिल से जा रहे थे, तभी ढेलवाडीह बायपास मार्ग पर तेज़ रफ़्तार से आ रहे एक अनियंत्रित 407 वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

दुर्घटना के तुरंत बाद राहगीरों और मौके पर पहुँची कटघोरा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने उन्हें बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटना में शामिल 407 वाहन को चालक सहित ज़ब्त कर लिया। आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

कटघोरा थाना प्रभारी धर्म नारायण तिवारी ने बताया कि “प्राथमिक जांच में तेज़ रफ़्तार और लापरवाही हादसे का मुख्य कारण प्रतीत हो रहा है। वाहन और चालक को कब्जे में ले लिया गया है। मामले में अपराध दर्ज कर जांच की जा रही है तथा आगे आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”

हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है, वहीं स्थानीय लोगों ने बायपास मार्ग पर तेज़ रफ़्तार वाहनों पर नियंत्रण के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story