कोरिया : स्कूल बस की चपेट में आने से छात्रा की मौत
कोरिया, 12 सितंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में शनिवार सुबह अपने ही स्कूल बस की चपेट में आने से दूसरी कक्षा की छात्रा की मौत हो गई।
स्कूल जाने के लिए बस में बैठने निकली बच्ची स्कूल बस की चपेट में आ गई और गंभीर रूप से घायल हो गई। अस्पताल ले जाते समय उसने दम तोड़ दिया। यह घटना सोनहत थाना क्षेत्र के धनपुर बस्ती की है। मृतक बच्ची की पहचान प्रिंसि के रूप में हुई है। वह सोनहत स्थित भारत इंग्लिश मीडियम स्कूल में कक्षा दूसरी में पढ़ती थी।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब साढ़े 7 बजे प्रिंसि स्कूल जाने के लिए घर से बस में बैठने निकली थी। इसी दौरान स्कूल संस्था की ही बस की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल बच्ची को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनहत ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही सोनहत थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल

