रायपुर : दिव्यांगजनों के लिए दो दिवसीय उपयुक्तता प्रमाण-पत्र शिविर आठ व नाै जुलाई को

WhatsApp Channel Join Now


रायपुर, 07 जुलाई (हि. स.)। भारत सरकार तथा श्रम मंत्रालय के नेशनल कैरियर सेंटर फॉर डिफरेंटली एबल्ड , जबलपुर एवं जिला रोजगार कार्यालय, रायपुर के संयुक्त तत्वावधान में दिव्यांगजनों के लिए 8 एवं 9 जुलाई 2026 को दो दिवसीय उपयुक्तता प्रमाण-पत्र शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर शासकीय कन्या पॉलीटेक्निक कॉलेज, बैरन बाजार में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित होगा।

उपसंचालक डॉ. शशी आतुलकर ने बताया कि, इस शिविर के माध्यम से दिव्यांगजनों को विभिन्न व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु आवश्यक उपयुक्तता प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा। सामान्यतः छत्तीसगढ़ के दिव्यांगजनों को यह प्रमाण-पत्र प्राप्त करने के लिए जबलपुर जाना पड़ता है। राज्य के शिक्षित दिव्यांगजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भारत सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के नेशनल कैरियर सेंटर फॉर डिफरेंटली एबल्ड, जबलपुर द्वारा दिव्यांगजनों की दिव्यांगता का परीक्षण कर उन्हें संबंधित व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए उपयुक्तता प्रमाण-पत्र जारी किया जाता है।

शिविर में भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों को जिला चिकित्सा बोर्ड द्वारा जारी दिव्यांगता प्रमाण-पत्र, शिक्षा एवं आयु संबंधी प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड, मोबाइल नंबर, जाति प्रमाण-पत्र (यदि आरक्षित वर्ग से हों), पासपोर्ट आकार के दो फोटो तथा जिस पाठ्यक्रम में प्रवेश लेना चाहते हैं उसका प्रवेश पत्र साथ लाना अनिवार्य है।

शिविर में आने-जाने के लिए किसी प्रकार का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा। अधिक जानकारी के लिए कार्यालयीन समय में दूरभाष नंबर 0771-4044081 पर संपर्क किया जा सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

Share this story