एसीबी ने किया सहायक ग्रेड दाे को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, आगे की कार्रवाई जारी
दुर्ग, 02 जुलाई (हि.स.)। दुर्ग में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की बड़ी कार्रवाई देखने को मिली है। विद्युत यांत्रिकी विभाग में पदस्थ सहायक ग्रेड 2 को एसीबी ने रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है, जिसने अपने ही विभाग के बाबू से पीएफ की राशि जारी करने के एवज में 10 हजार रुपये की मांग की थी।
जानकारी के अनुसार विद्युत यांत्रिकी विभाग में कार्यरत एक बाबू ने अपनी बेटी की शादी के लिए अपने पीएफ से पांच लाख निकालने का आवेदन दिया था।
आरोप है कि राशि जारी करने की प्रक्रिया पूरी करने के एवज में सहायक ग्रेड 2 शिव कुमार ठाकुर ने 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी, जिसकी शिकायत बाबू ने एसीबी से कर दी थी। शिकायत के बाद एसीबी ने जाल बिछाया और सहायक ग्रेड 2 शिव कुमार ठाकुर को 10 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल एसीबी की टीम आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल

