बीजापुर में कुत्तों का एसी वाला डॉग सेंटर यहां टीके लगेंगे, होगी नसबंदी

WhatsApp Channel Join Now
बीजापुर में कुत्तों का एसी वाला डॉग सेंटर यहां टीके लगेंगे, होगी नसबंदी


बीजापुर, 27 जून (हि.स.)। जिले में पहली बार आवारा कुत्तों के प्रबंधन के लिए आधुनिक सुविधाओं वाला डॉग सेंटर बन रहा है। भट्टीपारा तालाब के नीचे निर्माणाधीन इस सेंटर में एक समय में 100 आवारा कुत्तों को रखा जा सकेगा। यहां कुत्तों के लिए दो एसी, पांच कूलर, दस पंखों की व्यवस्था रहेगी। भोजन, उपचार, ऑपरेशन के बाद रिकवरी की सुविधा भी होगी। नगर पालिका का दावा है कि इससे आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या पर मानवीय तरीके से नियंत्रण होगा। रैबीज जैसी बीमारियों की रोकथाम में भी मदद मिलेगी।

मुख्य नगर पालिका अधिकारी बंशीलाल नुरुटी और डॉग सेंटर के नोडल अधिकारी व सहायक अभियंता देवेंद्र पहाड़ी ने शनिवार काे बताया कि यह डॉग सेंटर केंद्र सरकार की एनिमल बर्थ कंट्रोल योजना के तहत बन रहा है। निर्माण के लिए 12.58 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं। भवन का काम अंतिम चरण में है। जल्द शुरू करने की तैयारी है। शहर और आस-पास के क्षेत्रों से आवारा कुत्तों को पकड़कर यहां लाया जाएगा।

पशु चिकित्सकों की निगरानी में बधियाकरण, एंटी-रेबीज टीकाकरण, पेट के कीड़ों का उपचार होगा। ऑपरेशन के बाद कुत्तों को करीब 15 दिन सेंटर में रखा जाएगा। नियमित स्वास्थ्य जांच होगी, दवा मिलेगी, भोजन मिलेगा। पूरी तरह स्वस्थ होने पर कुत्तों को उसी जगह वापस छोड़ा जाएगा, जहां से उन्हें पकड़ा गया था। हर कुत्ते की टैगिंग होगी, पहचान होगी। उन्हाेंने बताया कि इस योजना के संचालन के लिए स्नेहा एनिमल केयर, हिसार (हरियाणा) के साथ अनुबंध किया गया है। लगभग 12 सदस्यीय टीम इस कार्य को अंजाम देगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story